परशुराम चौक कट बंद करने के विरोध में कांग्रेस का अनोखा प्रदर्शन, सड़क पर उल्टा चलकर और काले झंडे दिखाकर जताया विरोध

Share Now

रुद्रपुर।(राजतंत्र टाइम्स)। जिला प्रशासन द्वारा परशुराम चौक स्थित कट को खोलने अथवा वहां ओवर फुट ब्रिज का निर्माण कराने के बजाय गत शाम लंबे लोहे के सरिये लगाकर कट को पूरी तरह बंद किए जाने के विरोध में आज कांग्रेस पार्टी के पार्षदों, पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने अनोखे तरीके से विरोध प्रदर्शन किया। कांग्रेसजनों ने सड़क पर उल्टा चलकर तथा काले झंडे फहराकर प्रशासन की कार्रवाई के खिलाफ नारेबाज़ी करते हुए अपना रोष व्यक्त किया।

इस अवसर पर कांग्रेसजनों ने आरोप लगाते हुए कहा कि प्रशासन द्वारा उठाया गया यह कदम समस्या का समाधान नहीं बल्कि उसे और अधिक जटिल बनाने वाला है। उन्होंने आरोप लगाया कि कट को सरिये लगाकर बंद किए जाने के बाद परशुराम चौक की स्थिति पहले से भी अधिक भयावह हो गई है। स्थानीय लोग और राहगीर अब मजबूरी में लगाए गए ऊंचे सरियों पर चढ़कर सड़क पार कर रहे हैं, जिससे किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता है।

वक्ताओं ने कहा कि यदि भविष्य में कोई दुर्घटना होती है तो उसकी पूरी जिम्मेदारी जिला प्रशासन की होगी। उन्होंने कहा कि प्रशासन की हठधर्मिता और जनभावनाओं की अनदेखी के कारण क्षेत्र की जनता भारी परेशानी का सामना कर रही है। कांग्रेस नेताओं ने सवाल उठाया कि जब आम जनता की मांग कट को पुनः खोलने और वहां ओवर फुट ब्रिज का निर्माण कराने की है, तो फिर प्रशासन जबरन कट को बंद करने पर क्यों तुला हुआ है।

कांग्रेसजनों ने कहा कि ऐसा प्रतीत होता है कि प्रशासन अपनी जिम्मेदारियों से बचने का प्रयास कर रहा है। यदि प्रशासन वास्तव में जनता की सुरक्षा और सुविधा को लेकर गंभीर है तो उसे तत्काल कट को खोलने अथवा स्थायी समाधान के रूप में ओवर फुट ब्रिज के निर्माण की दिशा में कदम उठाने चाहिए।

प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि जनहित की मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो कांग्रेस पार्टी जनता को साथ लेकर आंदोलन को और व्यापक रूप देगी।
इस अवसर पर वरिष्ठ कांग्रेस नेता संजय जुनेजा, मोहन खेड़ा, पार्षद गौरव खुराना, पार्षद सौरव राज बेहड , महिला कांग्रेस अध्यक्ष मोनिका ढाली, पार्षद रिजवान खान,अनंत विश्नोई, राकेश अधिकारी,अमित अरोरा,सेवा राम दिवाकर,पार्षद राजू कोली, विक्रम जीत विर्क,कमल चुघ,राकेश कोली, विकास मल्लिक, फैज़ल खान,कमल सैनी,रवि कुमार, सुहैल खान,राजकुमार सिकरी,विजय पुजारा, सत्यम अरोरा आदि सहित अनेको कांग्रेस जन मौजूद थे

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *