जनसुनवाई में आयुक्त दीपक रावत ने सुनी समस्याएं, सोलर प्लांट मामले में दिलाए 58 हजार रुपये वापस

Share Now

हल्द्वानी। (राजतंत्र टाइम्स)। आयुक्त/सचिव मुख्यमंत्री दीपक रावत ने शनिवार को आयोजित जनसुनवाई कार्यक्रम में जनता की समस्याएं सुनीं और कई मामलों का मौके पर समाधान कराया। जनसुनवाई में भूमि विवाद, सोलर प्लांट, चिकित्सा, चालान, भूमि कब्जे समेत विभिन्न समस्याएं सामने आईं।

आयुक्त दीपक रावत ने कहा कि दूरदराज क्षेत्रों से लोग छोटी-छोटी समस्याओं को लेकर जनसुनवाई में पहुंचते हैं। बिजली-पानी, अतिक्रमण, कब्जा, बिलों में गड़बड़ी, प्लॉट बेचने के बाद कब्जा न देना और पुलिस से संबंधित शिकायतों का समाधान चौकी, ब्लॉक और तहसील स्तर पर ही किया जा सकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनहित से जुड़े मामलों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण सुनिश्चित करें।

जनसुनवाई में रामनगर निवासी बसंती देवी ने बताया कि वर्ष 2021 में उनके आवास पर लगाया गया सोलर प्लांट सही तरीके से काम नहीं कर रहा है। कई बार शिकायत के बाद भी समाधान नहीं हुआ। आयुक्त ने संबंधित कंपनी के प्रतिनिधि को बुलाकर मामले का निस्तारण कराया और कंपनी द्वारा बसंती देवी को 58 हजार रुपये वापस दिलाए गए।

हल्दूचौड़ निवासी जानकी देवी ने प्लॉट के रास्ते से जुड़ी समस्या रखी। उन्होंने बताया कि रजिस्ट्री में 16 फीट रास्ता दर्शाया गया है, जबकि मौके पर 28 फीट सरकारी मार्ग बताया गया था। आयुक्त ने पटवारी को जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।

हल्द्वानी निवासी हरीश चंद्र ने डंपर लोन से संबंधित शिकायत रखी। उन्होंने बताया कि किस्त जमा न होने पर फाइनेंस कंपनी ने वाहन जब्त कर लिया था। जनसुनवाई में दोनों पक्षों के बीच सहमति के बाद समस्या का समाधान कराया गया।

वहीं पूर्व जनसुनवाई में नत्थू देवी की पुत्री के लापता होने के मामले में आयुक्त के निर्देश पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए युवती को बरामद कर लिया। नत्थू देवी ने इसके लिए आयुक्त का आभार जताया।

आयुक्त ने राजस्व मामलों पर गंभीरता जताते हुए कहा कि कई मामलों में विक्रेताओं द्वारा ऐसी जमीन बेची जा रही है, जिस पर उनका कब्जा नहीं होता। उन्होंने कहा कि बिना मौके की जांच के चौहद्दी और दाखिल-खारिज करने वाले राजस्व कर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस संबंध में उन्होंने मंडल के सभी जिलाधिकारियों को निर्देश जारी किए हैं।

जनसुनवाई के दौरान आयुक्त ने देर शाम तक लोगों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *