टनकपुर। (राजतंत्र टाइम्स)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने टनकपुर, चंपावत में आयोजित “युवा संवाद : युवा शक्ति, उत्तराखंड की प्रगति” कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने युवाओं से सीधा संवाद कर उनके सुझावों, विचारों और जिज्ञासाओं को सुना तथा उनके सवालों के जवाब दिए।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि युवा किसी भी राज्य और राष्ट्र की सबसे बड़ी शक्ति होते हैं। उत्तराखंड के युवा प्रतिभाशाली, ऊर्जावान और नवाचार की क्षमता से भरपूर हैं। युवाओं की भागीदारी से ही विकसित उत्तराखंड के संकल्प को साकार किया जा सकता है।
उन्होंने कहा कि सरकार युवाओं के रोजगार, स्वरोजगार, कौशल विकास और स्टार्टअप को बढ़ावा देने के लिए लगातार कार्य कर रही है। मुख्यमंत्री ने बताया कि पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया के माध्यम से पिछले साढ़े चार वर्षों में 33 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी मिली है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता बनाए रखने और नकल माफिया पर अंकुश लगाने के लिए राज्य में देश का सबसे कठोर नकल विरोधी कानून लागू किया गया है। अब भर्ती प्रक्रिया पूरी ईमानदारी और पारदर्शिता के साथ संचालित की जा रही है।
उन्होंने कहा कि स्टार्टअप इंडिया, डिजिटल इंडिया, स्किल इंडिया, मेक इन इंडिया और खेलो इंडिया जैसे अभियानों से युवाओं को नए अवसर मिल रहे हैं। उत्तराखंड सरकार भी मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना, युवा प्रोत्साहन योजना और कौशल विकास कार्यक्रमों के माध्यम से युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में कार्य कर रही है।
सीएम धामी ने कहा कि स्टेट मिलेट मिशन, एप्पल मिशन, नई पर्यटन नीति, होम स्टे योजना और सौर स्वरोजगार योजना जैसी योजनाओं से युवाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार के अवसर बढ़े हैं। “हाउस ऑफ हिमालयाज” और “एक जनपद, दो उत्पाद” जैसी पहलों से स्थानीय उत्पादों को पहचान मिल रही है।
उन्होंने कहा कि 38वें राष्ट्रीय खेलों के सफल आयोजन से उत्तराखंड ने खेल क्षेत्र में भी अपनी क्षमता साबित की है। राज्य को युवाओं, खेल और नवाचार के क्षेत्र में देश के मॉडल राज्य के रूप में विकसित किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने युवाओं से बड़े लक्ष्य निर्धारित कर मेहनत, नवाचार और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड का युवा ही नए उत्तराखंड का निर्माता है।
कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में युवा मौजूद रहे।


