हरेला पर्व को जन-जन से जोड़ने के निर्देश, मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन बोले—प्रदेशभर में बने व्यापक एक्शन प्लान

Share Now
  • हरेला पर्व होगा भव्य, मुख्य सचिव ने सभी जिलाधिकारियों को दिए तैयारी के निर्देश
  • क्लस्टर विद्यालयों पर सरकार का फोकस, छात्रों को जल्द मिलेगी यातायात सुविधा
  • वीसी में मुख्य सचिव सख्त, हरेला महोत्सव और क्लस्टर स्कूलों की प्रगति की समीक्षा

देहरादून। (राजतंत्र टाइम्स)। मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन ने मंगलवार को सचिवालय से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी जिलाधिकारियों के साथ बैठक कर हरेला पर्व और क्लस्टर विद्यालयों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को विभिन्न विकास कार्यों में तेजी लाने और समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

मुख्य सचिव ने कहा कि हरेला पर्व को पूरे प्रदेश में जनभागीदारी के साथ बड़े स्तर पर मनाया जाए। इसके लिए सभी जिलों को विस्तृत एक्शन प्लान तैयार करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि इस पर्व को जन-आंदोलन का स्वरूप देने के लिए स्कूलों, गैर-सरकारी संगठनों (एनजीओ), न्याय पंचायतों, ग्राम पंचायतों और आम नागरिकों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाए, ताकि अधिक से अधिक लोग पर्यावरण संरक्षण के इस अभियान से जुड़ सकें।

बैठक में क्लस्टर विद्यालयों की प्रगति की भी समीक्षा की गई। मुख्य सचिव ने कहा कि सरकार का उद्देश्य छात्रों को एक ही स्थान पर गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराना है। इसके लिए चिन्हित क्लस्टर विद्यालयों में चरणबद्ध तरीके से आवश्यक व्यवस्थाएं विकसित की जा रही हैं।

उन्होंने प्राथमिक एवं माध्यमिक विद्यालयों के विद्यार्थियों के लिए यातायात सुविधा उपलब्ध कराने पर विशेष जोर देते हुए कहा कि शुरुआती चरण में ऐसे क्लस्टर विद्यालयों को प्राथमिकता दी जाए, जहां कम समय में व्यवस्था शुरू की जा सकती है। उन्होंने गढ़वाल और कुमाऊं मंडल के आयुक्तों को साप्ताहिक समीक्षा कर विद्यार्थियों के लिए परिवहन सुविधा शीघ्र उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

बैठक में प्रमुख सचिव आर.के. सुधांशु, सचिव नितेश कुमार झा, रविनाथ रमन, डॉ. वी. षणमुगम, चंद्रेश कुमार यादव, विनोद कुमार सुमन सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी और सभी जिलों के जिलाधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *