चंपावत। (राजतंत्र टाइम्स)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के आदर्श चम्पावत के विजन को साकार करने की दिशा में जनपद को एक और महत्वपूर्ण सौगात मिली है। मुख्यमंत्री घोषणा संख्या-421/2023 के अंतर्गत विधानसभा क्षेत्र चम्पावत स्थित जवाहर नवोदय विद्यालय, लटौली में छात्र-छात्राओं के व्यायाम एवं शारीरिक फिटनेस के लिए आधुनिक ओपन जिम के निर्माण हेतु 99.44 लाख रुपये की वित्तीय एवं प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की गई है।
उत्तराखण्ड शासन द्वारा जारी शासनादेश के अनुसार परियोजना की कुल स्वीकृत धनराशि में से प्रथम किश्त के रूप में 59.664 लाख रुपये (60 प्रतिशत) चालू वित्तीय वर्ष 2026-27 में जिलाधिकारी चम्पावत के निवर्तन पर उपलब्ध कराए गए हैं। निर्धारित प्रक्रिया एवं शर्तों के अनुरूप यह धनराशि कार्यदायी संस्था को उपलब्ध कराई जाएगी, जिससे निर्माण कार्य शीघ्र प्रारंभ किया जा सके।
परियोजना के अंतर्गत विद्यालय परिसर में अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त ओपन जिम का निर्माण किया जाएगा, जिससे छात्र-छात्राओं को नियमित व्यायाम, शारीरिक दक्षता, खेल संस्कृति और स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
जिलाधिकारी मनीष कुमार ने बताया कि मा. मुख्यमंत्री की घोषणाओं का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि शासन से प्राप्त स्वीकृति के उपरांत निर्माण कार्य को शीघ्र प्रारंभ कराया जाएगा तथा इसकी गुणवत्ता एवं प्रगति की नियमित निगरानी सुनिश्चित की जाएगी, ताकि निर्धारित समयसीमा के भीतर कार्य पूर्ण हो सके।
जिलाधिकारी ने कहा कि यह स्वीकृति जनपद में शिक्षा एवं खेल अवसंरचना को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है तथा आदर्श चम्पावत के लक्ष्य को साकार करने में सहायक सिद्ध होगी। आधुनिक ओपन जिम की स्थापना से विद्यार्थियों को शारीरिक रूप से स्वस्थ एवं फिट रहने के लिए बेहतर वातावरण मिलेगा, जिससे उनके सर्वांगीण विकास को नई गति प्राप्त होगी।


