दो दिवसीय दौरे पर खटीमा पहुंचे मुख्यमंत्री धामी, जनसमस्याएं सुन अधिकारियों को दिए त्वरित समाधान के निर्देश

Share Now

लोहियाहेड हेलीपैड पर हुआ भव्य स्वागत, कहा— जनता को छोटी-छोटी समस्याओं के लिए बार-बार न लगाने पड़ें चक्कर

खटीमा। (राजतंत्र टाइम्स)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी बुधवार को दो दिवसीय भ्रमण पर अपने गृह क्षेत्र खटीमा पहुंचे। लोहियाहेड हेलीपैड पर पहुंचने पर जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति ने उन्हें पुष्पगुच्छ एवं पुस्तक भेंट कर स्वागत किया।

खटीमा पहुंचने के बाद मुख्यमंत्री ने स्थानीय जनप्रतिनिधियों और आम नागरिकों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनता से जुड़े मामलों का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित और प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि जन समस्याओं का समयबद्ध निस्तारण सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी नागरिक को छोटी-छोटी समस्याओं के लिए सरकारी कार्यालयों के बार-बार चक्कर न लगाने पड़ें।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से जनसुनवाई व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने तथा लोगों को समय पर राहत उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य आमजन को सरल, पारदर्शी और जवाबदेह व्यवस्था उपलब्ध कराना है।

इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष रमेश चंद्र जोशी, दर्जा राज्य मंत्री गंभीर सिंह धामी, मोहिनी पोखरिया, सतीश भट्ट, मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शाशनी, उपाध्यक्ष जिला विकास प्राधिकरण जय किशन, अपर जिलाधिकारी पंकज उपाध्याय, कौस्तुभ मिश्र, उपजिलाधिकारी तुषार सैनी सहित अनेक अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *