- रुद्रपुर RTO में 100 से अधिक चालकों की आंखों की जांच, जरूरतमंदों को मिले मुफ्त चश्मे
- ‘सही नजर, सुरक्षित जिंदगी’ अभियान के तहत निःशुल्क नेत्र परीक्षण शिविर, सड़क सुरक्षा के प्रति किया जागरूक
रुद्रपुर। (संदीप पांडेय) सड़क सुरक्षा को मजबूत बनाने और वाहन चालकों के बेहतर स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए उप संभागीय परिवहन कार्यालय (RTO) रुद्रपुर में बुधवार को निःशुल्क नेत्र परीक्षण शिविर का आयोजन किया गया। निर्मल आश्रम आई संस्थान, ऋषिकेश के सहयोग एवं सीएसआर पहल के तहत साइटसेवर्स इंडिया द्वारा आयोजित इस शिविर में 100 से अधिक स्कूल, बस, टैक्सी एवं अन्य व्यावसायिक वाहन चालकों, परिचालकों, परिवहन विभाग के अधिकारियों, कर्मचारियों तथा आम नागरिकों ने अपनी आंखों की जांच कराई।

शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम ने आधुनिक उपकरणों से नेत्र परीक्षण किया। जांच के दौरान जिन लोगों की दृष्टि कमजोर पाई गई, उन्हें मौके पर ही निःशुल्क चश्मे उपलब्ध कराए गए। इस पहल से वाहन चालकों को न केवल बेहतर दृष्टि का लाभ मिला, बल्कि सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम और सुरक्षित यातायात के प्रति भी जागरूक किया गया।
एआरटीओ मोहित कोठारी ने कहा कि सड़क सुरक्षा में चालक की स्पष्ट दृष्टि सबसे महत्वपूर्ण कड़ी है। उन्होंने “सही नजर, सुरक्षित जिंदगी” का संदेश देते हुए सभी वाहन चालकों से समय-समय पर नेत्र परीक्षण कराने और आंखों की नियमित देखभाल करने की अपील की। उन्होंने कहा कि छोटी-सी लापरवाही भी बड़े हादसे का कारण बन सकती है, इसलिए वाहन चलाने से पहले स्वास्थ्य और दृष्टि दोनों का बेहतर होना आवश्यक है।

मोहित कोठारी ने शिविर आयोजित करने के लिए निर्मल आश्रम आई संस्थान एवं साइटसेवर्स इंडिया का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी ऐसे जनहितकारी शिविर आयोजित किए जाने की उम्मीद जताई।
शिविर में निर्मल आश्रम आई संस्थान की ओर से डॉ. आरुष, मार्केटिंग हेड वसीम, आईटी हेड संजय छोकरा एवं मनोज मौजूद रहे। परिवहन विभाग की ओर से परिवहन कर अधिकारी तारकेन्द्र वैष्णव, परिवहन उप निरीक्षक गोकुल सिंह सुप्याल, मनोज भंडारी, सहायक परिवहन उप निरीक्षक देवेंद्र बिष्ट सहित विभागीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।


