मानसून के दृष्टिगत सभी विभाग सतर्क रहें, त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करें: जिलाधिकारी

Share Now

अल्मोड़ा।(राजतंत्र टाइम्स)। जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने सोमवार को मानसून की तैयारियों के संबंध में जनपद स्तरीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में सभी जनपद स्तरीय अधिकारी वर्चुअल माध्यम से जुड़े। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि मानसून के दौरान किसी भी आपदा अथवा आपात स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए सभी विभाग पूरी तरह सतर्क रहें । साथ ही उन्होंने तहसील स्तर पर सभी क्विक रिस्पांस टीमों को पूर्णतः तैयार रहने के निर्देश दिए ।

उन्होंने नगर निकायों, लोक निर्माण विभाग तथा संबंधित विभागों को नालियों की नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने, सड़कों के किनारे झाड़ियों का कटान कराने तथा संवेदनशील एवं खतरनाक स्थलों पर चेतावनी बोर्ड लगाने के निर्देश दिए। विद्युत विभाग को जर्जर विद्युत पोलों को प्राथमिकता के आधार पर बदलने तथा निर्बाध विद्युत आपूर्ति बनाए रखने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने को कहा।

जिलाधिकारी ने स्वास्थ्य विभाग को आवश्यक दवाइयों, चिकित्सकीय टीमों एवं एम्बुलेंस की उपलब्धता सुनिश्चित रखने के निर्देश दिए। वहीं जल संस्थान एवं जल निगम को पेयजल की गुणवत्ता एवं नियमित उपलब्धता बनाए रखने तथा वर्षाकाल के दौरान जलापूर्ति व्यवस्था पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए।

बैठक के दौरान मुख्य विकास अधिकारी रामजीशरण शर्मा, अपर जिलाधिकारी युक्ता मिश्र, उपजिलाधिकारी संजय कुमार, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी विनीत पाल सहित अन्य सभी जनपदस्तरीय अधिकारी वर्चुअल माध्यम से मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *