स्कूल बंद होने का वायरल आदेश निकला फर्जी, एडीएम बोले—21 जुलाई को कोई अवकाश नहीं, अफवाह फैलाने वालों पर होगी FIR

रुद्रपुर। (राजतंत्र टाइम्स)। सोशल मीडिया पर 21 जुलाई को मौसम के पूर्वानुमान के चलते जनपद के सरकारी स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों में अवकाश घोषित किए जाने का एक आदेश तेजी से वायरल हो रहा है। हालांकि जिला प्रशासन ने इस आदेश को पूरी तरह फर्जी करार दिया है।

इस संबंध में अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) पंकज उपाध्याय ने स्पष्ट किया कि 21 जुलाई के लिए किसी भी प्रकार का अवकाश घोषित नहीं किया गया है। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर प्रसारित आदेश भ्रामक और असत्य है, जिससे लोगों में भ्रम की स्थिति उत्पन्न हो रही है।

एडीएम ने बताया कि फर्जी आदेश वायरल करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी की ओर से संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध तहरीर देकर प्राथमिकी (एफआईआर) दर्ज कराई जाएगी।

जिला प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि किसी भी सूचना पर विश्वास करने से पहले उसकी आधिकारिक पुष्टि अवश्य करें तथा भ्रामक और अपुष्ट संदेशों को सोशल मीडिया पर साझा करने से बचें।