- गुलदार से पिता की जान बचाने वाली किरण को 25 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि प्रदान
- वन्यजीव संरक्षण एवं मानव-वन्यजीव संघर्ष में साहस का बना प्रेरणादायी उदाहरण
चम्पावत । (राजतंत्र टाइम्स)। विश्व बाघ दिवस के अवसर पर बुधवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने देहरादून के जाखन स्थित एक होटल में आयोजित “एकल उपयोग प्लास्टिक प्रतिबंध के प्रभावी क्रियान्वयन एवं प्रवर्तन” विषयक राज्य स्तरीय परामर्श कार्यशाला में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर उन्होंने बाघ संरक्षण पर आधारित चित्र एवं पोस्टकार्ड का विमोचन किया तथा मानव-वन्यजीव संघर्ष के दौरान साहस एवं वन्यजीव संरक्षण के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले लोगों को सम्मानित किया।
इस दौरान जनपद चम्पावत के सिमल्टा गाँव की साहसी बेटी श्रीमती किरण पाण्डेय को उनकी अद्वितीय बहादुरी के लिए मुख्यमंत्री ने सम्मानित करते हुए “ग्लोबल टाइगर डे”का मोमेंटो एवं 25 हजार रूपये की प्रोत्साहन राशि का चेक प्रदान किया।
ज्ञातव्य है कि सिमल्टा गाँव में हुई एक साहसिक घटना के दौरान किरण पाण्डेय ने अपने पिता श्री सुरेश चन्द्र पाण्डेय पर हुए गुलदार के हमले के समय अद्भुत साहस, सूझबूझ एवं धैर्य का परिचय दिया। अपनी जान की परवाह किए बिना उन्होंने गुलदार को कमरे में बंद कर दिया, जिससे न केवल अपने पिता की जान बचाई बल्कि अन्य ग्रामीणों को भी संभावित खतरे से सुरक्षित रखा।
उनके इस साहसिक एवं प्रेरणादायी कार्य की प्रदेशभर में सराहना हुई। मा.मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने किरण पाण्डेय के साहस की प्रशंसा करते हुए कहा कि ऐसे साहसिक कार्य समाज के लिए प्रेरणा हैं।
उन्होंने कहा कि मानव-वन्यजीव संघर्ष जैसी चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में संयम, सूझबूझ और साहस का परिचय देने वाले नागरिक सम्मान के वास्तविक अधिकारी हैं। उनके इस कार्य से समाज में वन्यजीवों के प्रति जागरूकता और सुरक्षा के प्रति सकारात्मक संदेश भी गया।


