रुद्रपुर। (राजतंत्र टाइम्स)। रुद्रपुर को उत्तराखंड की सांस्कृतिक एवं पर्यटन पहचान से जोड़ने की दिशा में विधायक शिव अरोरा की महत्वपूर्ण पहल अब धरातल पर उतरने जा रही है। विधायक शिव अरोरा द्वारा 31 अक्टूबर 2022 को रुद्रपुर में उत्तराखंड की कला, संस्कृति एवं “अतिथि देवो भव:” की परंपरा को प्रदर्शित करने वाले उत्तराखंड के भव्य प्रवेश द्वार के निर्माण हेतु मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को प्रस्ताव दिया गया था। इस महत्वाकांक्षी प्रस्ताव को 17 मई 2023 को मुख्यमंत्री घोषणा में शामिल किया गया। मुख्यमंत्री घोषणा संख्या 677/2023 के अंतर्गत जिला विकास प्राधिकरण द्वारा लगभग ₹2 करोड़ 75 लाख की लागत से इस परियोजना की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार कर इसका डिजाइन स्वीकृती पहले ही मिल गयी थी।
परियोजना को अंतिम रूप देने के लिए विधायक शिव अरोरा ने प्रशासनिक अधिकारियों के साथ रुद्रपुर डिग्री कॉलेज के समीप प्रवेश द्वार चिन्हित स्थल का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों के साथ प्रवेश द्वार की रूपरेखा एवं यात्री सुविधाओं को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
प्रस्तावित भव्य प्रवेश द्वार उत्तराखंड की समृद्ध कला, संस्कृति एवं लोक परंपराओं का प्रतीक होगा। इसके साथ ही यहां पर्यटन विभाग का पूछताछ एवं सूचना केंद्र, यात्रियों की सुविधा के लिए आधुनिक शौचालय, उत्तराखंड का आकर्षक मानचित्र (मैप), सुंदर लैंडस्केपिंग तथा सुरक्षा व्यवस्था के लिए गार्ड रूम का भी निर्माण किया जाएगा, जिससे प्रदेश में प्रवेश करने वाले पर्यटकों एवं यात्रियों को एक ही स्थान पर आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।
विधायक शिव अरोरा ने कहा कि रुद्रपुर उत्तराखंड का प्रवेश द्वार होने के कारण यहां बनने वाला यह भव्य प्रवेश द्वार प्रदेश की सांस्कृतिक पहचान को नई ऊंचाई देगा। यह निर्माण न केवल शहर की सुंदरता बढ़ाएगा बल्कि पर्यटन को भी प्रोत्साहित करेगा तथा प्रदेश में आने वाले अतिथियों का उत्तराखंड की समृद्ध संस्कृति के अनुरूप स्वागत करेगा।
विधायक ने बताया कि सभी आवश्यक औपचारिकताएं तेजी से पूरी कर ली गयी हैं और निर्माण कार्य शीघ्र प्रारंभ किया जाएगा। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह परियोजना पूर्ण होने के बाद रुद्रपुर की पहचान एक नए पर्यटन एवं सांस्कृतिक आकर्षण के रूप में स्थापित होगी तथा उत्तराखंड की गौरवशाली विरासत को देश-विदेश से आने वाले लोगों के समक्ष भव्य रूप में प्रस्तुत करेगी।
विधायक शिव अरोरा ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार व्यक्त करते हुए कहा मेरे प्रस्ताव को मुख्यमंत्री घोषणा मे शामिल करते हुऐ यह कार्य मूर्त रूप लेने जा रहा है जिसके लिये मुख्यमंत्री के विकास रूपी सोच, कुशल नेतृत्व में रुद्रपुर के विकास से जुड़े अनेक महत्वपूर्ण कार्य तेजी से आगे बढ़ रहे हैं और यह भव्य प्रवेश द्वार भी उसी विकास यात्रा का एक ऐतिहासिक अध्याय साबित होगा।
इस दौरान मेयर विकास शर्मा,जिला विकास प्राधिकरण उपाध्यक्ष जयकिशन, सचिव पंकज उपाध्याय, एडीएम कोस्तुभ मिश्रा,एसडीएम मनीष बिष्ट,एनएच पीडी अंचल जिंदल, ग्रामीण निर्माण विभाग अधिशासी अभियंता अमित भारती, पेयजल निर्माण अधिशासी अभियंता नरेंद्र नवानी आदि लोग मौजूद रहे।


