पर्यावरण संरक्षण की दिशा में चम्पावत के बस्तिया से चल्थी मार्ग तक हुआ 1000 पौधों का भव्य पथ वृक्षारोपण

Share Now

चंपावत । (राजतंत्र टाइम्स)।  मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के पर्यावरण संरक्षण एवं हरित विकास के दूरदर्शी दृष्टिकोण के क्रम में, जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार द्वारा अनटाइड फंड से वित्त पोषित एक विशेष हरित पहल का आयोजन किया गया। इस योजना के तहत चम्पावत वन प्रभाग की बूम रेंज अंतर्गत बस्तिया से चल्थी तक व्यापक पथ वृक्षारोपण कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। अभियान के दौरान मार्ग के दोनों ओर विभिन्न छायादार, शोभाकार और उपयोगी प्रजातियों के कुल 1000 पौधों का रोपण किया गया।

इस महत्वाकांक्षी पहल का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र में पर्यावरण संरक्षण, सड़क मार्गों का सौंदर्यीकरण, भू-स्खलन की प्रभावी रोकथाम तथा यात्रियों के लिए छायादार वातावरण निर्मित करना है।

वृक्षारोपण अभियान के अंतर्गत मार्ग की प्राकृतिक सुंदरता और पर्यावरणीय संतुलन को ध्यान में रखते हुए उच्च गुणवत्ता वाले पौधों का चयन किया गया। रोपे गए पौधों में जकरंडा, गुलमोहर, अमलतास, बाँस और कैसिया सेमिया जैसी प्रमुख छायादार व शोभाकार प्रजातियाँ शामिल रहीं। इस पहल से न केवल मार्ग के आसपास हरित आवरण (ग्रीन कवर) में उल्लेखनीय वृद्धि होगी, बल्कि मृदा एवं जल संरक्षण के साथ-साथ क्षेत्र में भू-स्खलन की समस्या पर भी प्रभावी अंकुश लगेगा।

कार्यक्रम के समापन पर उपस्थित जनप्रतिनिधियों और वनाधिकारियों ने स्थानीय ग्रामीणों के साथ जन-संवाद किया। अधिकारियों ने सभी को वृक्षारोपण तथा लगाए गए पौधों की देखभाल एवं संरक्षण के पर्यावरणीय महत्व की जानकारी दी। उन्होंने ग्रामीणों को प्राकृतिक धरोहरों की रक्षा करने और अपने आसपास के क्षेत्रों में अधिक से अधिक पौधे लगाकर उनका संरक्षण करने के लिए प्रेरित किया।

आयोजित कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों और वन विभाग के अधिकारियों की गरिमामयी उपस्थिति रही।

इस अवसर पर नगर पालिका टनकपुर के अध्यक्ष ऐडवोकेट श्री विपिन कुमार, चम्पावत के ज्येष्ठ प्रमुख श्री भुवन चंद्र पांडे तथा ग्राम प्रधान प्रतिनिधि श्री हरीश लापड़ विशेष रूप से मौजूद रहे।
वन विभाग की ओर से उप प्रभागीय वनाधिकारी चम्पावत श्री सुनील कुमार, वन क्षेत्राधिकारी बूम श्री गुलज़ार हुसैन, वन क्षेत्राधिकारी चम्पावत श्री बृज मोहन टम्टा, उप राजिक श्री चतुर सिंह, वन दरोगा श्री महेश अधिकारी, वन दरोगा श्री सुरेंद्र सिंह बोरा, श्री चंद्र कुंवर बिष्ट एवं वन बीट अधिकारी पश्चिमी बस्तियां श्री योगेश चंद्र जोशी सहित अन्य कार्मिकों व स्थानीय ग्रामीणों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *