- करीब तीन करोड़ रुपये की लागत से बन रही दुमंजिला ई-लाइब्रेरी का कैबिनेट मंत्री ने किया निरीक्षण, गुणवत्ता और समयबद्धता पर जोर
पौड़ी गढ़वाल । (सू. ब्यूरो)(राजतंत्र टाइम्स)। प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं और छात्र-छात्राओं को अब अध्ययन के लिए आधुनिक एवं बेहतर सुविधाएं अपने ही क्षेत्र में उपलब्ध होंगी। शुक्रवार को राज्य के शिक्षा मंत्री तथा स्थानीय विधायक डॉ धन सिंह रावत ने लगभग तीन करोड़ रुपए की लागत से बन रही निर्माणाधीन अत्याधुनिक ई-लाइब्रेरी का निरीक्षण कर कार्य की प्रगति और प्रस्तावित सुविधाओं की जानकारी ली।

निरीक्षण के दौरान कैबिनेट मंत्री ने कार्यदायी संस्था पेयजल निर्माण निगम के अधिकारियों को निर्माण कार्य में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने तथा भवन का निर्माण निर्धारित समयसीमा में पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ई-लाइब्रेरी में विद्यार्थियों को आधुनिक अध्ययन सुविधाएं उपलब्ध करायी जाएंगी। यहां विभिन्न विषयों की पुस्तकें, ई-लर्निंग की सुविधा, पर्याप्त अध्ययन कक्ष तथा प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए अनुकूल वातावरण विकसित किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि ई-लाइब्रेरी में विद्यार्थियों को शांत एवं व्यवस्थित माहौल में नियमित अध्ययन की सुविधा मिलेगी। भवन को दिव्यांग विद्यार्थियों के लिए भी सुगम बनाया जा रहा है। इसके लिए रैंप सहित अन्य आवश्यक सुविधाएं विकसित की जाएंगी।
कैबिनेट मंत्री ने कहा कि यह ई-लाइब्रेरी श्रीनगर के साथ ही कीर्तिनगर और चौरास क्षेत्र के विद्यार्थियों के लिए भी महत्वपूर्ण अध्ययन केंद्र के रूप में विकसित होगी। यहां छात्र-छात्राएं प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के साथ उच्च शिक्षा से संबंधित अध्ययन भी कर सकेंगे। उन्होंने कहा कि ई-लाइब्रेरी से क्षेत्र के हजारों विद्यार्थियों को लाभ मिलने की उम्मीद है।
खंड शिक्षा अधिकारी खिर्सू अश्वनी रावत ने बताया कि ई-लाइब्रेरी का निर्माण क्षेत्र के विद्यार्थियों के लिए महत्वपूर्ण पहल है। प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले युवाओं को इससे विशेष लाभ मिलेगा। उन्होंने बताया कि श्रीनगर के साथ कोटद्वार में भी इसी प्रकार की ई-लाइब्रेरी का निर्माण किया जा रहा है।



