जिला योजना समिति के सदस्यों के निर्वाचन हेतु मतदाता सूची की समय-सारिणी जारी, 15 सितम्बर को होगा अन्तिम मतदाता सूची का प्रकाशन

चम्पावत।(राजतंत्र टाइम्स)। जनपद चंपावत में जिला योजना समिति के सदस्यों के निर्वाचन को निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने हेतु निर्वाचक नामावली (मतदाता सूची) तैयार किए जाने के संबंध में आधिकारिक समय-सारिणी जारी कर दी गई है।राज्य निर्वाचन आयोग, उत्तराखण्ड की अधिसूचना दिनांक 02 सितम्बर 2026 के क्रम में जिला मजिस्ट्रेट, जिला निर्वाचन अधिकारी एवं रिटर्निंग ऑफिसर (जिला योजना समिति) श्री मनीष कुमार द्वारा जिला पंचायत तथा नगर निकायों के निर्वाचित सदस्यों की मतदाता सूची के प्रकाशन हेतु विस्तृत कार्यक्रम निर्धारित किया गया है।जारी अधिसूचना के अनुसार, निर्वाचक नामावलियों के आलेख्य का प्रकाशन 08 सितम्बर 2026 को किया जाएगा।
इसके पश्चात संबंधित निर्वाचित सदस्य एवं हितधारक 10 सितम्बर 2026 तक नामावली का निरीक्षण कर सकते हैं तथा अपनी दावा एवं आपत्तियां दाखिल कर सकते हैं। प्राप्त होने वाले सभी दावों एवं आपत्तियों का निस्तारण 12 सितम्बर 2026 तक पूरा कर लिया जाएगा। तत्पश्चात सभी प्रक्रियाओं एवं संशोधनों को समाहित करते हुए अन्तिम रूप से तैयार निर्वाचक नामावली का अंतिम प्रकाशन 15 सितम्बर 2026 को किया जाएगा।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने स्पष्ट किया है कि दावा एवं आपत्ति दाखिल करने तथा उनके निस्तारण हेतु जिला मजिस्ट्रेट, चंपावत का कार्यालय स्थान के रूप में नियत किया गया है। समस्त संबंधित सदस्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर आवश्यक कार्यवाही पूर्ण करना सुनिश्चित करें।