उद्योगों की समस्याओं के समाधान को प्राथमिकता दें: एडीएम पंकज उपाध्याय

Share Now
  • उद्योग मित्र बैठक में लंबित प्रकरणों के शीघ्र निस्तारण के निर्देश
  • सिंगल विंडो सिस्टम को और मजबूत बनाने पर जोर
  • एल्डिको सिडकुल के लिए नए विद्युत सब स्टेशन का प्रस्ताव शासन को भेजा
  • सितारगंज-एल्डिको सिडकुल मार्ग को तीन लेन बनाने की तैयारी

रूद्रपुर। (राजतंत्र टाइम्स) जनपद में उद्योगों को शान्तिपूर्ण माहौल एवं प्रोत्साहित करने के लिए सभी अधिकारी उद्योग बन्धुओं की समस्याओं का प्राथमिकता से निस्तारण करना सुनिश्चित करें। यह निर्देश अपर जिलाधिकारी पंकज उपाध्याय ने मंगलवार को डॉ.एपीजे अब्दुल कलाम सभागार में उद्योग मित्र की बैठक लेते हुए सम्बन्धित विभागों के अधिकारियों को दिये। अपर जिलाधिकारी ने कहा कि जनपद में औद्योगिकीकरण को प्रोत्साहित किया जा रहा है, जिसके लिए सिंगल विण्डो सिस्टम को और अधिक मजबूत किया जा रहा है। उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्देश दिये कि औद्योगिक संस्थानों की समस्याओं पर विशेष ध्यान देते हुए प्राथमिकता से समाधान किया जाये।

अपर जिलाधिकारी ने पूर्व में आयोजित बैठक के सभी बिन्दुओं पर विस्तृत समीक्षा करते हुए लंबित समस्याओं के निराकरण हेतु सम्बन्धित अधिकारियों को निर्देश दिय, ऐसे प्रकरण जो कि शासन स्तर पर लंबित है उनके लिए पुनः स्मारक पत्र भेजा जाए व अपने स्तर पर लंबित कार्यों की समय सीमा तय कर उन्हें ससमय संपादित किया जाये।

उद्यमियों द्वारा एल्डिको सिडकुल औद्योगिक पार्क सितारगंज के फेज-2 में विद्युत आपूर्ति हेतु नये सब स्टेशन निर्माण कराने का अनुरोध किया। जिसपर क्षेत्रीय प्रबंधक सिडकुल सितारगंज ने बताया कि राज्य स्तरीय उद्योग मित्र की बैठक में रखने हेतु ऑनलाइन पोर्टल पर अपलोड करते हुए निदेशालय को प्रेषित कर दिया गया है। उद्यमियों ने सितारगंज से एल्डिको सिडकुल तक सड़क मरम्मत व चौड़ीकरण कराने जाने का अनुरोध किया था। जिसपर अधिशासी अभियंता लोनिवि ने बताया कि उपलब्ध सड़क मार्ग की चौड़ाई 2 लेन के स्थान पर 3 लेन सड़क मार्ग निर्माण किया जाना प्रस्तावित किया गया है।

 

उन्होने बताया कि वर्तमान में आवश्यकतानुसार सड़क मार्ग का पैचवर्क किया गया है, वर्तमान में गढ्ढामुक्त है। मै. मॉ शीतला वेन्चर्स लि. से एनएच-74 तक दायी ओर पाहा नहर की कवरिगं का कार्य कराने का अनुरोध किया गया। जिसपर अधिशासी अभियंता सिंचाई ने बताया कि पाहा नगर कवरिंग कार्य हेतु अनुस्मारक पत्र शाशन को भेजा गया है। काशीपुर में मुरादाबाद रोड पर स्वीकृत 132 केवी पावर सब स्टेशन की स्थापना किये जाने का अनुरोध किया था।

अधिशासी अभियंता पिटकुल ने बताया कि 132 केवी उप संस्थान सरवरखेड़ा के निर्माण हेतु पिटकूल देहरादून के स्तर पर निविदा प्रक्रिया गतिमान है। उद्योग संगठनों द्वारा बिजली, फायर, भूमि लाइसेंस, लंबित प्रकरणों, बुनियादी सुविधाओं तथा अन्य प्रशासनिक विषयों से संबंधित अनेक महत्वपूर्ण मुद्दे उठाए गए। उद्योग प्रतिनिधियों ने अपने सुझावों के माध्यम से औद्योगिक वातावरण को और अधिक अनुकूल बनाने पर बल दिया।

बैठक में उप जिलाधिकारी/आरएम सिडकुल रूद्रपुर मनीष बिष्ट, आरएम सिडकुल सितारगंज रविन्द्र कुमार, अधिशासी अभियंता विद्युत उमाकांत चतुर्वेदी, विवेक काण्डपाल, क्षेत्रीय अधिकारी प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड एसपी सिंह, महाप्रबन्धक उद्योग विपिन कुमार, अधिशासी अभियंता सिंचाई बीएस दांगी, एएस नेगी, लोनिवि ओपी सिंह, एनएचएआई इन्जिनियर तुषार गुप्ता, केजीसीसीआई से आरके गुप्ता, अशोक बंसल, एसईडब्ल्यूएस के अध्यक्ष श्रीकर सिन्हा, सहित अनेक उद्यमी व अधिकारी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *