रुद्रप्रयाग।(राजतंत्र टाइम्स)। जिलाधिकारी विशाल मिश्रा के निर्देशों के क्रम में जनपद रुद्रप्रयाग में मानसून सीजन को देखते हुए सभी आपदा प्रबंधन टीमें पूरी तरह मुस्तैद हैं। जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवाड़ ने बताया कि बारिश के कारण केदारनाथ पैदल मार्ग पर विभिन्न स्थानों पर पहाड़ियों से बोल्डर एवं पत्थर गिरने की घटनाएं सामने आ रही हैं, जिससे मार्ग कुछ स्थानों पर अस्थायी रूप से प्रभावित हो रहा है।
उन्होंने बताया कि यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए पूर्व से ही पूरे केदारनाथ पैदल मार्ग पर एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, डीडीआरएफ, वाईएमएफ तथा न्यू टास्क फोर्स की तैनाती की गई है। इन टीमों की निगरानी एवं सुरक्षा व्यवस्था के बीच ही श्रद्धालुओं को यात्रा कराई जा रही है। मार्ग पर तैनात टीमें लगातार निगरानी रख रही है।जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी ने बताया कि गौरीकुंड, चिरबासा, भीमबली, लिनचोली, बड़ी लिनचोली सहित पैदल मार्ग के अन्य संवेदनशील स्थलों पर आपदा प्रबंधन की टीमें पूरी सतर्कता के साथ तैनात हैं और यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए निरंतर कार्य कर रही हैं।
उन्होंने केदारनाथ यात्रा पर आने वाले सभी श्रद्धालुओं से अपील की कि वे जिला प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पूर्णतः पालन करते हुए ही यात्रा करें तथा यात्रा के दौरान केवल प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों के निर्देशों के अनुरूप ही आगे बढ़ें। इससे उनकी यात्रा सुरक्षित एवं सुगम बनी रहेगी।


