अंकिता न्याय आंदोलन में उबाल, रुद्रपुर कलक्ट्रेट पर बवाल

Share Now

रुद्रपुर न्यूज। उत्तराखंड समाचार
(Rajtantra Times)अंकिता को न्याय दिलाने की मांग को लेकर सोमवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच कलक्ट्रेट परिसर में तीखी झड़प हो गई। प्रदर्शन के दौरान पुलिस द्वारा मुख्य गेट बंद किए जाने से आक्रोशित कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने गेट को धक्का देकर खोल दिया, जिससे दोनों पक्षों में धक्का-मुक्की हो गई। इस दौरान कुछ कांग्रेस कार्यकर्ता घायल हो गए।
किच्छा विधायक तिलकराज बेहड़ के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ता पहले नैनीताल हाईवे स्थित एक पेट्रोल पंप पर एकत्र हुए। इसके बाद रैली के रूप में कलक्ट्रेट पहुंचे। यहां पहले से तैनात पुलिस बल ने सुरक्षा कारणों से मुख्य गेट बंद कर दिया, लेकिन कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने गेट खोलते हुए परिसर में प्रवेश कर लिया और शहीद ऊधम सिंह की प्रतिमा के सामने धरने पर बैठ गए।
बताया गया कि पुलिस ने तीन बार से ज्यादा गेट बंद करने का प्रयास किया, लेकिन हर बार कार्यकर्ताओं ने गेट खोल दिया। इस दौरान हालात तनावपूर्ण हो गए और पुलिस बेबस नजर आई। धरना स्थल पर विधायक तिलकराज बेहड़ ने पुलिस पर कार्यकर्ताओं पर लाठीचार्ज करने का आरोप लगाया।
उन्होंने अंकिता हत्याकांड की निष्पक्ष जांच के लिए सीबीआई जांच की मांग करते हुए कहा कि जब तक पीड़िता को न्याय नहीं मिलता, कांग्रेस का संघर्ष जारी रहेगा। धरने में सुमित भुल्लर, सोफिया नाज, राजेश प्रताप सिंह सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *