पंतनगर।(राजतंत्र टाइम्स)। विश्वविद्यालय के शारीरिक शिक्षा अनुभाग की ओर से सत्र 2026-27 की पुरुष एवं महिला क्रॉस कंट्री रेस का आयोजन प्रातः में किया गया। अधिष्ठाता छात्र कल्याण डॉ. विपिन चंद्र ध्यानी ने हरी झंडी दिखाकर दोनों वर्गों की दौड़ का शुभारंभ किया। प्रतियोगिता में पुरुष वर्ग के 125 और महिला वर्ग के 186 प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। पुरुष वर्ग में टैगोर भवन के आर्यन कुमार ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि इसी भवन के गौरव पलाड़िया द्वितीय और अभिषेक यादव तृतीय स्थान पर रहे। नेहरू भवन के शैर्या बनगारी चौथे, टैगोर भवन के प्रिन्स पांचवें तथा पटेल भवन के करन सिंह रावत छठे स्थान पर रहे। महिला वर्ग में मंदाकिनी भवन की ज्योति ने प्रथम स्थान हासिल किया। अम्बेडकर भवन की ऋद्धि नगरकोटी द्वितीय और कस्तूरबा भवन की लावण्या जोशी तृतीय स्थान पर रहीं। कस्तूरबा भवन की दीक्षा अधिकारी चौथे, सरोजनी भवन की महक रावत पांचवें तथा आचार्या भवन की नंदिनी चौहान छठे स्थान पर रहीं।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. शिवेन्द्र कश्यप ने क्रॉस कंट्री रेस के विजेताओं के साथ विश्वविद्यालय की ओपन टेबल टेनिस, टेनिस एवं स्क्वैश चौंपियनशिप 2026-27 के विजेता और उपविजेता खिलाड़ियों को भी पुरस्कृत किया। कुलपति ने अंतर्राष्ट्रीय बालिका दिवस के अवसर पर सभी छात्राओं को हार्दिक शुभकामनाएँ दीं तथा क्रॉस कंट्री रेस में बढ़-चढ़कर प्रतिभाग करने के लिए उनकी सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

ओपन टेबल टेनिस चैंपियनशिप 2026-27 पुरुष एकल वर्ग में वी.एस. भवन के प्रथम एरोरा विजेता और पटेल भवन के वेदान्त कुमार शर्मा उपविजेता रहे। पुरुष युगल वर्ग में प्रथम एरोरा और वेदान्त कुमार शर्मा की जोड़ी विजेता रही, जबकि सी.बी. प्रथम के ऋषभ गोस्वामी और शिवा वर्मा की जोड़ी उपविजेता रही। ओपन टेबल टेनिस चैंपियनशिप 2026-27 महिला एकल वर्ग में मंदाकिनी भवन की कनिष्का बुधलाकोटी और प्राची बिष्ट को क्रमशः विजेता एवं उपविजेता के रूप में सम्मानित किया गया। महिला युगल वर्ग में मंदाकिनी भवन की कनिष्का बुधलाकोटी और प्राची बिष्ट की जोड़ी विजेता रही, जबकि मंदाकिनी भवन की काव्या पांडेय एवं पायल गुसांई की जोड़ी उपविजेता रही। ओपन टेनिस पुरुष एकल वर्ग में एस.जे. भवन के आयुष जोशी विजेता और वी.एस. भवन के जय कुमार उपविजेता रहे। पुरुष युगल वर्ग में आयुष जोशी और अभिषेक भारद्वाज की जोड़ी विजेता, जबकि आदित्य खंडूरी और आदित्या कुमार सिंह की जोड़ी उपविजेता रही। ओपन स्क्वैश पुरुष वर्ग में नेहरू भवन के मोहम्मद राशिद विजेता तथा देवाशीष नाथ महंत उपविजेता रहे।
इस अवसर पर विश्वविद्यालय के समस्त अधिष्ठाता, निदेशक, छात्रावासों के अभिरक्षक एवं अभिरक्षिकाएं तथा शारीरिक शिक्षा अनुभाग के अधिकारी उपस्थित रहे। प्रतियोगिता का आयोजन अधिष्ठाता छात्र कल्याण डॉ. विपिन चंद्र ध्यानी के मार्गदर्शन में शारीरिक शिक्षा अनुभाग के प्रभारी अधिकारी डॉ. जी.एस. बोहरा और सह-निदेशक डॉ. पूनम त्यागी ने सफलतापूर्वक कराया। आयोजन को सफल बनाने में विश्वविद्यालय चिकित्सालय, उद्यान अनुभाग, विद्युत विभाग, सुरक्षा विभाग तथा शारीरिक शिक्षा अनुभाग के कर्मचारियों ने सहयोग प्रदान किया।
