साइबर क्राइम से बचाव को लेकर नंदपुर नरका टोपा में जागरूकता कैंप, ग्रामीणों को बताए बचाव के उपाय और हेल्पलाइन नंबर

Share Now

बाजपुर। (राजतंत्र टाइम्स)। साइबर ठगी और ऑनलाइन फ्रॉड के बढ़ते मामलों को रोकने के लिए जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा जागरूकता अभियान लगातार चलाया जा रहा है। जिला सचिव एवं जिला सिविल जज सीनियर डिवीजन ममता पंत के निर्देशों पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के पैरा लीगल वालंटियरों ने ग्राम नंदपुर नरका टोपा में साइबर क्राइम जागरूकता कैंप का आयोजन किया। जागरूकता कैंप में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की नियुक्त पैरा लीगल वॉलेटियरो ने प्रतिभाग किया। इस मौक़े पर ग्रामीणों को विस्तार से बताया कि आजकल ठग किस-किस तरीके से लोगों को निशाना बना रहे हैं। उन्होंने बताया कि अनजान नंबरों से आने वाले फोन, व्हाट्सएप मैसेज और लिंक पर क्लिक न करें।
खुद को बैंक, पुलिस, CBI या कूरियर कंपनी का अधिकारी बताकर “डिजिटल अरेस्ट” के नाम पर डराने वाले गिरोह सक्रिय हैं। ऐसे कॉल आने पर घबराएं नहीं और तुरंत फोन काट दें। OTP, ATM कार्ड की जानकारी, बैंक डिटेल किसी से शेयर न करें। सोशल मीडिया पर फर्जी लोन, नौकरी और इनाम के झांसे से बचें।

PLV शिवानी ने ग्रामीणों को साइबर अपराध की शिकायत के लिए साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 और ऑनलाइन पोर्टल के बारे में जानकारी दी। साथ ही बताया कि साइबर ठगी का शिकार होने पर तुरंत 1930 पर कॉल करके पैसे को फ्रीज कराया जा सकता है।इसके अलावा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा दी जाने वाली निशुल्क विधिक सेवाओं के बारे में भी बताया गया।

PLV सुनीता ने कहा कि आर्थिक रूप से कमजोर, महिला, बुजुर्ग और छात्र किसी भी कानूनी समस्या के लिए नालसा हेल्पलाइन 15100 और जिला विधिक सेवा प्राधिकरण कार्यालय से मुफ्त कानूनी सलाह और वकील की मदद ले सकते हैं।

PLV अंजली ने कहा कि हमारा उद्देश्य है कि हर व्यक्ति साइबर अपराध से सतर्क रहे और अपने कानूनी अधिकारों को समझे। अंजली और सुनीता ने भी लोगों से अपील की कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस और 1930 पर दें।

कैंप में बड़ी संख्या में गांव के पुरुष, महिलाएं और युवा मौजूद रहे। ग्रामीणों ने इस तरह के जागरूकता कार्यक्रमों को जरूरी बताते हुए जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के प्रयासों की सराहना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *