पूर्व महापौर रामपाल सिंह बने भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा उत्तराखंड के प्रदेश उपाध्यक्ष, रुद्रपुर में जश्न

रुद्रपुर न्यूज। उत्तराखंड समाचार
(Rajtantra Times) नगर निगम रुद्रपुर के पूर्व महापौर एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता रामपाल सिंह को भारतीय जनता पार्टी अनुसूचित जाति मोर्चा, उत्तराखंड का प्रदेश उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। उनकी नियुक्ति की खबर मिलते ही रुद्रपुर सहित पूरे जिले में भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई। रामपाल सिंह लंबे समय से सामाजिक एवं राजनीतिक क्षेत्र में सक्रिय रहे हैं। महापौर रहते हुए उन्होंने रुद्रपुर नगर के विकास, स्वच्छता, आधारभूत सुविधाओं और जनसमस्याओं के समाधान के लिए कई महत्वपूर्ण कार्य किए, जिन्हें आज भी जनता याद करती है।पार्टी नेतृत्व द्वारा उन्हें यह जिम्मेदारी सौंपना संगठन की मजबूती की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है। उनके अनुभव, संगठन के प्रति समर्पण और अनुसूचित समाज के प्रति संवेदनशील दृष्टिकोण को देखते हुए भाजपा ने उन्हें यह दायित्व सौंपा है।
उनकी नियुक्ति से अनुसूचित समाज के सामाजिक, शैक्षिक और आर्थिक उत्थान से जुड़े मुद्दों को प्रदेश स्तर पर मजबूती मिलेगी। साथ ही सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में भी तेजी आएगी।
नियुक्ति पर रामपाल सिंह ने पार्टी के शीर्ष नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे इस जिम्मेदारी को पूरी निष्ठा और ईमानदारी से निभाएंगे तथा समाज के हितों के लिए निरंतर कार्य करते रहेंगे।

