- नगला तराई स्थित आवास परिसर में रोपा पौधा, बोले— पर्यावरण संरक्षण हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी
खटीमा। (राजतंत्र टाइम्स)। हरेला पर्व के अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को खटीमा के नगला तराई स्थित अपने निजी आवास परिसर में पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस दौरान उन्होंने प्रदेशवासियों को देवभूमि उत्तराखंड के लोकपर्व हरेला की शुभकामनाएं देते हुए अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनके संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान किया।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि हरेला केवल एक पर्व नहीं, बल्कि प्रकृति, पर्यावरण और हरियाली के संरक्षण का संकल्प है। उन्होंने कहा कि पर्यावरण को सुरक्षित रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। यदि आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ और हरित वातावरण देना है तो प्रत्येक व्यक्ति को पौधरोपण के साथ-साथ उसकी देखभाल और संरक्षण का दायित्व भी निभाना होगा।
उन्होंने प्रदेशवासियों से अपील की कि हरेला पर्व पर एक पौधा अवश्य लगाएं और उसे वृक्ष बनने तक सुरक्षित रखने का संकल्प लें। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड की संस्कृति और परंपराएं प्रकृति से जुड़ी रही हैं तथा हरेला पर्व हमें पर्यावरण संरक्षण का महत्वपूर्ण संदेश देता है।


