मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की बनबसा नगर पंचायत को बड़ी सौगात: जर्जर सड़कों व जल निकासी व्यवस्था सुधारने हेतु 1 करोड़ की प्रथम किश्त जारी

Share Now

चम्पावत । (राजतंत्र टाइम्स)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जनपद चम्पावत की बनबसा नगर पंचायत क्षेत्र को बड़ी विकासात्मक सौगात प्रदान करते हुए क्षेत्र के अत्यंत खराब मोटर मार्गों एवं नालियों के निर्माण कार्यों हेतु ₹1.00 करोड़ की धनराशि स्वीकृत किए जाने का अनुमोदन प्रदान किया है।

मुख्यमंत्री घोषणा संख्या 336/2024 के अंतर्गत कुल ₹807.42 लाख की स्वीकृत लागत के सापेक्ष ₹1 करोड़ की प्रथम किश्त जारी कर दी गई है।

इस महत्वपूर्ण योजना के अंतर्गत नगर पंचायत बनबसा क्षेत्र में कुल 42 सड़कों एवं नालों का निर्माण एवं सुदृढ़ीकरण किया जाएगा। योजना की कार्यदायी संस्था नगर पंचायत बनबसा होगी।

लंबे समय से क्षेत्रवासी जर्जर सड़कों, जलभराव तथा जल निकासी व्यवस्था की समस्या से जूझ रहे थे, जिसके समाधान हेतु मुख्यमंत्री श्री धामी ने यह महत्वपूर्ण कदम उठाया है।

इस परियोजना के पूर्ण होने से बनबसा क्षेत्र की आधारभूत संरचना को नई मजबूती मिलेगी तथा आमजन को आवागमन में बड़ी राहत प्राप्त होगी। बरसात के दौरान जलभराव की समस्या से प्रभावित मोहल्लों में बेहतर जल निकासी व्यवस्था सुनिश्चित होने से लोगों को राहत मिलेगी तथा सड़कें लंबे समय तक सुरक्षित एवं टिकाऊ बन सकेंगी।

क्षेत्र में सड़कों और नालियों के निर्माण से स्थानीय व्यापार, पर्यटन एवं आवागमन को भी गति मिलेगी। नेपाल सीमा से सटे सामरिक एवं व्यापारिक दृष्टि से महत्वपूर्ण बनबसा क्षेत्र में बेहतर सड़क संपर्क विकसित होने से स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी तथा नागरिक सुविधाओं में उल्लेखनीय सुधार आएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *