प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार ने कार्यकर्ताओं से किया आह्वान, बोले—पात्र लाभार्थियों तक पहुँचाएं सरकारी योजनाओं का लाभ
रुद्रपुर।(राजतंत्र टाइम्स)। भारतीय जनता पार्टी, जिला उधम सिंह नगर के जिला प्रकोष्ठों की संकुल कार्यशाला सोमवार को भाजपा जिला कार्यालय रुद्रपुर में आयोजित हुई। कार्यशाला का शुभारंभ दीप प्रज्वलन और राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ के साथ किया गया। इस दौरान केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुँचाने और संगठन को मजबूत बनाने पर जोर दिया गया।

कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष कमल कुमार जिंदल ने सभी प्रकोष्ठों के संयोजकों एवं सह-संयोजकों का स्वागत करते हुए कहा कि संगठनात्मक गतिविधियों को प्रभावी बनाने में प्रकोष्ठों की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने सभी पदाधिकारियों से अपने दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करते हुए संगठन को मजबूत बनाने का आह्वान किया।
योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुँचाएं कार्यकर्ता : कुंदन परिहार
कार्यशाला के मुख्य वक्ता भाजपा प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार ने कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुँचाना कार्यकर्ताओं की प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि सरकारी योजनाओं का उद्देश्य आमजन के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाना और जरूरतमंदों को विभिन्न सुविधाओं का लाभ उपलब्ध कराना है।उन्होंने कार्यकर्ताओं से जनता के बीच सक्रिय रहकर योजनाओं की जानकारी देने, पात्र लाभार्थियों का मार्गदर्शन करने और समाज के प्रत्येक वर्ग तक सरकार के जनकल्याणकारी कार्यों को पहुँचाने की अपील की।
संगठन और जनता के बीच समन्वय पर जोर
प्रदेश प्रकोष्ठ संयोजक कौस्तुभानंद जोशी ने जिला प्रकोष्ठों की भूमिका पर प्रकाश डालते हुए कहा कि संगठन और जनता के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना आवश्यक है। उन्होंने संयोजकों एवं सह-संयोजकों से अपने-अपने क्षेत्रों में योजनाओं का प्रचार-प्रसार तेज करने और लोगों को सरकारी योजनाओं के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया।उन्होंने कहा कि प्रकोष्ठों को सक्रियता के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करना चाहिए, ताकि योजनाओं की जानकारी समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुँचे और पात्र लाभार्थियों को उनका लाभ मिल सके।
कई वरिष्ठ पदाधिकारी रहे मौजूद
कार्यशाला में प्रदेश सह संयोजक गंभीर सिंह धामी, जिला प्रकोष्ठ संयोजक राजेश तिवारी, खूब सिंह बिकल, पूर्व विधायक राजेश शुक्ला, रुद्रपुर महापौर विकास शर्मा, जिला महामंत्री तरुण दत्ता, जिला कोषाध्यक्ष रोशन अरोरा तथा दर्जा राज्य मंत्री सुरेश कोहली सहित पार्टी के अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।बैठक में संगठनात्मक गतिविधियों, जिला प्रकोष्ठों की जिम्मेदारियों, सरकारी योजनाओं के प्रचार-प्रसार और आगामी कार्यक्रमों को लेकर चर्चा की गई। अंत में सभी कार्यकर्ताओं से संगठन को मजबूत बनाने और जनसेवा के कार्यों को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाने का आह्वान किया गया।
