नानकमत्ता से सीएम धामी की चेतावनी: संस्कृति से खिलवाड़ करने वालों को नहीं बख्शेंगे

Share Now
  • देवभूमि में नहीं चलेगा छल का खेल: नानकमत्ता से सीएम धामी का बड़ा ऐलान

नानकमत्ता।(राजतंत्र टाइम्स) उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने नानकमत्ता में वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप जयंती समारोह कार्यक्रम का दीप प्रज्ज्वलित कर शुभारम्भ किया व बोर्ड परीक्षाओं के मेधावी विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र व प्रतीक चिन्ह देकर सम्मानित किया।

मुख्यमंत्री ने वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप जी को प्रणाम कर कार्यक्रम में उपस्थित नानकमत्ता के थारू समाज के सभी परिवारजनों का स्वागत एवं अभिनंदन किया। उन्होंने कहा कि आज इस नानकमत्ता साहिब की पवित्र धरती पर, जहां गुरुओं का आशीर्वाद बरसता है, हम भारत मां के महान सपूत, अदम्य साहस और स्वाभिमान के प्रतीक वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप जी का स्मरण करने के लिए एकत्रित हुए हैं।

उन्होंने इस आयोजन के लिए राणा परिवार और नानकमत्ता के सभी समाजसेवियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि महाराणा प्रताप केवल मेवाड़ के राजा नहीं थे, बल्कि वे भारत की आन, बान और स्वाभिमान के अमर प्रतीक थे। उनका जीवन त्याग, संघर्ष, साहस और राष्ट्रभक्ति की ऐसी प्रेरणादायी गाथा है, जो सदियों बाद भी प्रत्येक भारतीय के मन में ऊर्जा और गर्व का संचार करती है। मातृभूमि की रक्षा के लिए उन्होंने कठिन से कठिन परिस्थितियों का सामना किया, लेकिन अपने स्वाभिमान से कभी समझौता नहीं किया। कहा कि महाराणा प्रताप का जीवन हम सभी को ये प्रेरणा देता है कि राष्ट्र और संस्कृति की रक्षा के लिए संघर्ष कितना भी कठिन क्यों न हो, हमें अपने सिद्धांतों से कभी पीछे नहीं हटना चाहिए।

उन्होंने कहा कि थारू समाज के रीति-रिवाज, लोकगीत, पारंपरिक नृत्य और प्रकृति के प्रति गहरा जुड़ाव हमारी अमूल्य सांस्कृतिक धरोहर हैं। आप सभी ने जिस प्रकार अपनी जड़ों, संस्कृति और परंपराओं को आज भी पूरी निष्ठा और मजबूती के साथ संजोए रखा है, वो इस आधुनिक युग में हम सभी के लिए प्रेरणा का स्त्रोत है। उन्होंने कहा कि आज आदरणीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में जनजातीय समाज के सम्मान, स्वाभिमान और समग्र विकास के लिए अनेक ऐतिहासिक पहलें प्रारंभ की गई हैं।

आदरणीय प्रधानमंत्री जी का ये स्पष्ट दृष्टिकोण है कि विकास का लाभ समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक पहुँचना ही सच्चे अर्थों में सुशासन की पहचान है। उन्होंने कहा कि इसी सोच को धरातल पर उतारते हुए आज पहली बार देश में जनजातीय समुदायों के लिए एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय, प्रधानमंत्री जनजातीय उन्नत ग्राम अभियान, वन धन योजना, प्रधानमंत्री जनजातीय विकास मिशन तथा कृषि और पशुपालन से जुड़ी अनेकों योजनाएँ प्रभावी रूप से लागू की गई हैं।

उन्होंने कहा कि जनजाति कल्याण विभाग के माध्यम से आश्रम पद्धति विद्यालयों, छात्रावासों और आईटीआई संस्थानों के विकास हेतु करोड़ों रुपये की धनराशि उपलब्ध कराई गई है, जिससे जनजाति समाज के बच्चों को बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं मिल सकें। इसके अलावा इन आश्रम पद्धति विद्यालयों को कक्षा 12 तक अपग्रेड करने का काम भी किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि हमने राज्य के चार जनपदों, ऊधम सिंह नगर, देहरादून, पिथौरागढ़ और चमोली में जनजातीय क्षेत्रों के विकास को तेज करने के लिए अलग-अलग जनजाति कल्याण अधिकारियों की भी नियुक्ति की है। साथ ही, जनजातीय युवक-युवतियों को यूपीएससी, पीसीएस, आईआईटी और जैसी प्रतिष्ठित परीक्षाओं की तैयारी के लिए देहरादून में “आदि लक्ष्य संस्थान” की स्थापना भी की जा रही है।मुख्यमंत्री ने कहा कि कुछ राष्ट्रविरोधी और समाज विरोधी ताकतें हमारी भोली भाली जनता और थारू समाज की मासूमियत का फायदा उठाने की कोशिश कर रही हैं। आज मैं, इस मंच से कहना चाहता कि ये हमारी “देवभूमि” है, यहां अधर्म और छल का खेल नहीं चलेगा।

हमारी संस्कृति के साथ खिलवाड़ करने की कोशिश की तो परिणाम बहुत घातक होंगे। इस प्रकार के अनैतिक कार्यों को रोकने के लिए हमारी सरकार ने देश का सबसे कठोर धर्मांतरण विरोधी कानून बनाया है, ताकि कोई भी आपकी आस्था के साथ खिलवाड़ न कर सके। मुख्यमंत्री ने कहा कि जिस प्रकार महाराणा प्रताप जी ने कभी अपने धर्म और स्वाभिमान से समझौता नहीं किया, उसी प्रकार आपको भी इन धर्मांतरण करने वालों से सावधान रहना है। कार्यक्रम संयोजक पूर्व विधायक डॉ प्रेम सिंह राणा ने वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप जयंती समारोह में सभी अतिथियों व जनता का स्वागत व अभिनंदन किया।उन्होंने कहा महाराणा प्रताप जी एक वीर व कुशल प्रशासक थे। उन्होंने पुरानी घोषणा कार्यों को शीघ्रता से पूर्ण कराने के साथ ही नानकमत्ता उप तहसील को पूर्ण तहसील बनाने तथा नानकमत्ता नगर पंचायत को नगर पालिका का अनुरोध किया।इससे पूर्व मुख्यमंत्री ने नानकमत्ता गुरुद्वारा साहिब में मत्था टेककर प्रदेश के सुख समृद्धि और शान्ति की कामना की।कार्यक्रम में विधायक रुद्रपुर शिव अरोरा,जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, मेयर विकास शर्मा,जिलाध्यक्ष कमल जिन्दल,नगर पंचायत अध्यक्ष प्रेम सिंह टूरना, खटीमा रमेश चंद्र जोशी,दर्जा मंत्री अनिल कपूर डब्बू,फरजाना बेगम, रवींद्र सिंह राणा,ब्लॉक प्रमुख सरिता राणा,नंदन सिंह खड़ायत,जीवन सिंह राणा, रमेश चंद्र जोशी, भास्कर सम्भल,संगीता राणा, रविंद्र राणा,पुष्पेंद्र राणा, ओम नारायण,गोपाल दत्त जोशी,धर्म सिंह,राजपाल सिंह,बलदेव सिंह आदि मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *