रुद्रपुर न्यूज़।(राजतंत्र टाइम्स) देवभूमि उत्तराखंड की आध्यात्मिक पहचान को और अधिक सशक्त करने की दिशा में रुद्रपुर नगर निगम सक्रिय हो गया है। कुमाऊं के प्रवेश द्वार रुद्रपुर के इंदिरा चौक पर त्रिशूल की स्थापना पूरी कर ली गई है, जो बाहर से आने वाले लोगों को शक्ति, संरक्षण और आध्यात्मिक चेतना का संदेश देगा। इस त्रिशूल का औपचारिक अनावरण 14 फरवरी को गांधी पार्क में आयोजित होने वाले दस दिवसीय सरस मेले के उद्घाटन अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा किया जाएगा। इसी अवसर पर मुख्यमंत्री अंतरराष्ट्रीय मानकों से तैयार एथलेटिक्स ट्रैक और बैडमिंटन कोर्ट का भी शुभारंभ करेंगे। कार्यक्रम की तैयारियों को अंतिम रूप देने में जिला प्रशासन जुटा हुआ है।नगर निगम की इस पहल से न केवल शहर की सौंदर्यात्मक छवि को नया आयाम मिलेगा, बल्कि देवभूमि में प्रवेश करने वाले प्रत्येक व्यक्ति को उत्तराखंड की आध्यात्मिक चेतना और सांस्कृतिक विरासत का संदेश भी प्राप्त होगा।
त्रिशूल को भगवान शिव की शक्ति, संरक्षण और संतुलन का प्रतीक माना जाता है। यह सृष्टि, पालन और संहार के सिद्धांत को दर्शाते हुए धर्म के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। स्थानीय जनप्रतिनिधियों और सामाजिक संगठनों का मानना है कि यह प्रतीकात्मक स्थापना उत्तराखंड को केवल एक भौगोलिक राज्य नहीं, बल्कि आस्था और अध्यात्म की भूमि के रूप में स्थापित करेगी। उत्तर प्रदेश से रुद्रपुर में प्रवेश करते ही त्रिशूल के दर्शन से यात्रियों को यह अनुभूति होगी कि वे देवभूमि की पवित्र धरती पर कदम रख चुके हैं।शहरवासियों का कहना है कि यह पहल युवाओं को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ने के साथ-साथ धार्मिक पर्यटन को भी बढ़ावा देगी। इससे रुद्रपुर की पहचान अब केवल एक औद्योगिक नगर के रूप में नहीं, बल्कि कुमाऊं के आध्यात्मिक द्वार के रूप में भी स्थापित होगी।गौरतलब है कि रुद्रपुर का नाम कुमाऊं के राजा रूद्र चंद के नाम पर पड़ा, जिन्होंने 16वीं शताब्दी में यहां सैन्य स्थापना की थी। देश विभाजन के बाद वर्ष 1948 में पाकिस्तान से आए विस्थापितों को यहां बसाया गया, बाद में बंगाली हिंदुओं का भी पुनर्वास हुआ। आज रुद्रपुर में सभी धर्मों के लोग निवास करते हैं, इसी कारण इसे कौमी एकता का गुलदस्ता कहा जाता है।इसी भावना को ध्यान में रखते हुए सरस मेले में विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। मेले में करीब 100 स्टॉल लगाए जाएंगे, जिनमें से 25 स्टॉल स्थानीय उत्पादों के होंगे।

रुद्रपुर के मेयर विकास शर्मा ने बताया कि मेले के दौरान मुख्यमंत्री लगभग 100 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली विभिन्न विकास योजनाओं का शुभारंभ और शिलान्यास करेंगे।

