- कुमाऊं मंडल की समीक्षा बैठक में शिक्षा और सहकारिता योजनाओं पर फोकस, अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश
अल्मोड़ा।(राजतंत्र टाइम्स) कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने विकास भवन सभागार, अल्मोड़ा में कुमाऊं मंडल के समस्त जनपदों के अधिकारियों के साथ सहकारिता, उच्च शिक्षा एवं विद्यालयी शिक्षा विभाग की विस्तृत समीक्षा बैठक की। बैठक में विभागीय योजनाओं की प्रगति, जनहितकारी कार्यक्रमों के प्रभावी क्रियान्वयन तथा आधारभूत व्यवस्थाओं को मजबूत करने पर विशेष जोर दिया गया।

सहकारिता विभाग की समीक्षा के दौरान मंत्री ने निर्देश दिए कि प्रत्येक विकासखंड में एक-एक आदर्श सहकारिता गांव विकसित किया जाए, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में सहकारिता मॉडल को मजबूती मिल सके। उन्होंने बैंकिंग सेवाओं को गांव स्तर तक विस्तार देने और कॉमन सर्विस सेंटर (CSC) के माध्यम से अधिक से अधिक सेवाएं आमजन तक पहुंचाने पर बल दिया। साथ ही किसानों को योजनाओं का लाभ सुनिश्चित करने, समितियों को सक्रिय बनाने और विभाग को शत-प्रतिशत कंप्यूटराइज्ड करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी किसानों को समृद्धि कार्ड भी उपलब्ध कराए जाएंगे।
शिक्षा विभाग की समीक्षा में डॉ. रावत ने जर्जर विद्यालय भवनों की प्राथमिकता के आधार पर मरम्मत कराने और विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण देने पर जोर दिया। उन्होंने गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, शिक्षण स्तर में सुधार और विद्यालयों में आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश भी अधिकारियों को दिए।
उन्होंने प्रत्येक विकासखंड में एक-एक आवासीय विद्यालय स्थापित करने की दिशा में कार्यवाही तेज करने के निर्देश दिए। साथ ही प्रतिवर्ष स्कूलों में प्रवेशोत्सव आयोजित करने और प्रमुख अधिकारियों व जनप्रतिनिधियों को एक-एक विद्यालय गोद देने की योजना का भी उल्लेख किया। उनका कहना था कि इससे विद्यालयों के प्रदर्शन और शिक्षा व्यवस्था में सुधार आएगा।
बैठक में विधायक मनोज तिवारी, डॉ. प्रमोद नैनवाल, मोहन सिंह मेहरा, महेश जीना, जिला पंचायत अध्यक्षा हेमा गैडा, मेयर अजय वर्मा, जिलाधिकारी अंशुल सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक चंद्रशेखर आर घोड़के, मुख्य विकास अधिकारी रामजी शरण शर्मा सहित विभिन्न जनपदों के अधिकारी उपस्थित रहे।


