पंतनगर।(राजतंत्र टाइम्स)। गोविन्द बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय, पंतनगर के प्रसार शिक्षा निदेशालय द्वारा संचालित “प्रशिक्षण एवं भ्रमण इकाई” के अंतर्गत वित्तीय वर्ष 2026–2027 के सितंबर माह में स्वरोजगार योजनान्तर्गत विभिन्न प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन प्रशिक्षण कार्यक्रमों का उद्देश्य युवाओं, कृषकों, महिलाओं तथा अन्य इच्छुक अभ्यर्थियों को स्वरोजगार के लिए आवश्यक तकनीकी ज्ञान एवं व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान कर उन्हें आत्मनिर्भर बनाने में सहयोग देना है।
सितंबर माह में आयोजित किए जाने वाले प्रशिक्षण कार्यक्रमों में कुक्कुट पालन, पशुपालन प्रबंधन, मशरूम उत्पादन, मौन पालन, सूकर पालन तथा बकरी पालन शामिल हैं। इन प्रशिक्षण कार्यक्रमों के दौरान विषय विशेषज्ञों द्वारा आधुनिक तकनीकों पर आधारित सैद्धांतिक एवं व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा, जिससे प्रतिभागी इन क्षेत्रों में स्वरोजगार स्थापित कर अपनी आय में वृद्धि कर सकें।
प्रशिक्षण कार्यक्रमों में प्राथमिकता के आधार पर 35 से 40 प्रशिक्षणार्थियों का ही पंजीकरण किया जाएगा। प्रत्येक प्रशिक्षण कार्यक्रम के लिए पंजीकरण शुल्क ₹1,000/- (केवल एक हजार रुपये मात्र) प्रति प्रशिक्षणार्थी निर्धारित किया गया है।
प्रशिक्षण अवधि के दौरान आवास एवं भोजन की व्यवस्था विश्वविद्यालय में प्रचलित रियायती दरों पर उपलब्ध कराई जाएगी, जिसका व्यय प्रशिक्षणार्थियों को स्वयं वहन करना होगा।
प्रशिक्षण कार्यक्रमों में पंजीकरण अथवा अन्य जानकारी प्राप्त करने के लिए इच्छुक अभ्यर्थी मोबाइल नंबर 8958601733, 7500241451 एवं 6397754608 पर संपर्क कर सकते हैं अथवा tandvunit2022@gmail.com पर ई-मेल के माध्यम से भी अपना पंजीकरण करा सकते हैं।


