रूद्रपुर में 14 फरवरी को होगा त्रिशूल चौक का शिलान्यास और विशाल शिव जागरण

Share Now

महापौर विकास शर्मा और अमरनाथ सेवा मंडल ने तैयार की आयोजन की रूपरेखा

रुद्रपुर न्यूज़। (राजतंत्र टाइम्स) नगर को एक नई पहचान और दिव्य स्वरूप देने की दिशा में नगर निगम प्रशासन ने महत्वपूर्ण कदम उठाया है। आगामी 14 फ़रवरी को नगर के प्रस्तावित ‘त्रिशूल चौक’ का भव्य शिलान्यास किया जाएगा। इस ऐतिहासिक अवसर को यादगार बनाने के लिए श्री अमरनाथ जी सेवा मंडल के तत्वाधान में एक विशाल शिव जागरण का भी आयोजन होगा। कार्यक्रम की सफलता सुनिश्चित करने के लिए महापौर विकास शर्मा ने मंडल के पदाधिकारियों और सदस्यों के साथ बैठक कर आयोजन की विस्तृत रूपरेखा तैयार की।

बैठक को संबोधित करते हुए महापौर विकास शर्मा ने कहा कि त्रिशूल चौक का शिलान्यास शहर के विकास और सांस्कृतिक गौरव के लिए एक मील का पत्थर साबित होगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि नगर निगम रुद्रपुर को एक दिव्य स्वरूप देने की योजना पर कार्य कर रहा है, जिसकी विधिवत शुरुआत त्रिशूल चौक से होने जा रही है। महापौर ने बताया कि इसके पश्चात शहर के अन्य प्रमुख चौराहों और सार्वजनिक स्थलों को भी इसी प्रकार धार्मिक प्रतीक चिन्हों से सुसज्जित किया जाएगा। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि त्रिशूल की स्थापना के बाद शहर में प्रवेश करने वाले पर्यटकों और श्रद्धालुओं को एक नई सकारात्मक ऊर्जा और दिव्य अनुभव प्राप्त होगा।

श्री अमरनाथ सेवा मण्डल के अध्यक्ष अजय चड्डा ने जानकारी दी कि मंडल विगत कई वर्षों से महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर शिव जागरण और कांवरियों के लिए विशाल भंडारे का आयोजन करता आ रहा है। पूर्व में ये आयोजन गांधी पार्क और रामलीला मैदान में संपन्न होते थे, किंतु इस वर्ष त्रिशूल चौक के शिलान्यास के महत्व को देखते हुए आयोजन स्थल में परिवर्तन किया गया है। इस बार शिव जागरण और सेवा शिविर का आयोजन त्रिशूल चौक के समीप स्थित रिक्त भूखंड पर किया जाएगा। यहाँ कांवरियों के विश्राम, भोजन और चिकित्सा की उत्तम व्यवस्था की जाएगी।

आयोजन की भव्यता पर चर्चा करते हुए बताया गया कि शिव जागरण में प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी विख्यात कलाकारों को आमंत्रित किया जा रहा है। भजनों की रसधार के साथ-साथ भगवान शिव के विभिन्न स्वरूपों को दर्शाती आकर्षक झांकियां इस कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण होंगी। महापौर ने आश्वासन दिया कि सेवा मंडल के इस पुनीत कार्य में प्रशासन और निगम की ओर से हरसंभव सहयोग प्रदान किया जाएगा ताकि व्यवस्थाओं में कोई कमी न रहे।

बैठक के दौरान आयोजन की सफलता के लिए पदाधिकारियों को उनकी जिम्मेदारियां सौंपी गईं। इस बैठक में श्री अमरनाथ जी सेवा मंडल के संस्थापक सुनील ठुकराल, अध्यक्ष अजय चड्डा, महामंत्री मन्नू चुघ, सरपरस्त बॉबी अरोड़ा, सरपरस्त राजीव मिड्डा, उपाध्यक्ष राजन राठौड़, सुरेश छाबड़ा, निशान्त ढल्ला, अजय लूथरा सहित मंडल के अन्य सक्रिय सदस्य उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *