राज्यपाल गुरमीत सिंह पहुंचे नैनीताल, कुमाऊं मंडल के छह जिलों का करेंगे भ्रमण

Share Now
  • कुमाऊं मंडल के छह जिलों का करेंगे भ्रमण, विकास कार्यों और सीमांत क्षेत्रों का लेंगे जायजा

नैनीताल। (राजतंत्र टाइम्स) उत्तराखंड के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से.नि.) शनिवार को लोकभवन, नैनीताल पहुंचे।लोकभवन पहुंचने पर कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत, जिलाधिकारी नैनीताल ललित मोहन रयाल तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मंजूनाथ टीसी ने पुष्पगुच्छ व पौध भेंट कर उनका अभिनंदन किया।

राज्यपाल गुरमीत सिंह ने कहा कि कुमाऊं मंडल आगमन पर उन्हें एक अलग ही खुशी और आत्मीय अनुभूति होती है। उन्होंने बताया कि इस बार के नैनीताल लोकभवन प्रवास के दौरान वह कुमाऊं मंडल के सभी छह जिलों का भ्रमण करेंगे तथा विभिन्न जिलों में संचालित विकास कार्यों एवं योजनाओं की प्रगति का अवलोकन करेंगे।

उन्होंने कहा कि दूरस्थ सीमांत क्षेत्रों और वाइब्रेंट विलेज का निरीक्षण कर स्थानीय लोगों से संवाद भी किया जाएगा, ताकि क्षेत्रीय समस्याओं और आवश्यकताओं को नजदीक से समझा जा सके।

राज्यपाल ने जानकारी देते हुए बताया कि नैनीताल लोकभवन परिसर में गवर्नर गोल्फ प्रतियोगिता का आयोजन भी किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस आयोजन में लगातार बालक और बालिकाओं की सहभागिता बढ़ रही है। विशेष रूप से बेटियों की सक्रिय भागीदारी सराहनीय है।

उन्होंने यह भी बताया कि लोकभवन में “एक शाम सैनिकों के नाम” कार्यक्रम का आयोजन प्रस्तावित है, जिसमें सैनिकों और पूर्व सैनिकों का सम्मान किया जाएगा।

राज्यपाल ने कहा कि कुमाऊं मंडल में अनेक प्रमुख पर्यटन स्थल मौजूद हैं और मंदिर माला मिशन के अंतर्गत मंदिरों एवं पर्यटन स्थलों का विकास तेजी से किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यह क्षेत्र आस्था और पर्यटन दोनों दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है तथा यहां लगातार पर्यटकों की संख्या बढ़ रही है।

उन्होंने कहा कि प्रवास के दौरान स्वयं सहायता समूहों से भी मुलाकात कर महिलाओं के कार्यों को प्रोत्साहित किया जाएगा और उनके प्रयासों का उत्साहवर्धन किया जाएगा।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *