सामुदायिक विज्ञान महाविद्यालय में माँ सरस्वती जी की प्रतिमा की स्थापना एवं सभाकक्ष का लोकार्पण

Share Now

पंतनगर । (राजतंत्र टाइम्स)। गोविन्द बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय, पंतनगर के सामुदायिक विज्ञान महाविद्यालय में माँ सरस्वती जी की प्रतिमा की स्थापना तथा नवनिर्मित श्रीमती एस. जे. शिन्दे सभाकक्ष के लोकार्पण का कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विश्वविद्यालय के कुलपति डा. शिवेन्द्र कुमार कश्यप ने आरती-पूजन के उपरान्त माँ सरस्वती जी की प्रतिमा का अनावरण किया तथा महाविद्यालय में नवनिर्मित श्रीमती एस. जे. शिन्दे सभाकक्ष का लोकार्पण किया। माँ सरस्वती जी की यह प्रतिमा सामुदायिक विज्ञान महाविद्यालय के खाद्य एवं पोषण विभाग की पूर्व प्राध्यापक एवं विभागाध्यक्ष तथा वर्तमान में सुवर्णदा फाउंडेशन की निदेशक डा. सरिता श्रीवास्तव द्वारा भेंटस्वरूप प्रदान की गई है।

महाविद्यालय के मुख्य द्वार पर माँ सरस्वती जी की प्रतिमा की स्थापना से विद्यार्थियों एवं कार्मिकों में आध्यात्मिक, सांस्कृतिक तथा सकारात्मक मूल्यों के प्रति प्रेरणा का संचार होगा।
इस अवसर पर कुलपति डा. शिवेन्द्र कुमार कश्यप ने सामुदायिक विज्ञान महाविद्यालय की अधिष्ठात्री डा. अल्का गोयल की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने अपने अधिष्ठात्री कार्यकाल की अवधि पूर्ण होने के बावजूद भी महाविद्यालय को आगे बढ़ाने के लिए निरन्तर कार्य किया है तथा आज का यह आयोजन उनके समर्पण और सतत प्रयासों का उत्कृष्ट उदाहरण है।
कार्यक्रम का आयोजन सामुदायिक विज्ञान महाविद्यालय की अधिष्ठात्री डा. अल्का गोयल के निर्देशन में किया गया। इस अवसर पर विश्वविद्यालय की कुलसचिव डा. दीपा विनय, विश्वविद्यालय के विभिन्न महाविद्यालयों के अधिष्ठाता, निदेशकगण तथा सामुदायिक विज्ञान महाविद्यालय के समस्त संकाय सदस्य एवं कार्मिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *