राष्ट्रीय सेपक टाकरा चैंपियनशिप में उत्तराखंड के खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन
रुद्रपुर न्यूज़। (राजतंत्र टाइम्स) उत्तराखंड प्रदेश की जूनियर सेपक टाकरा बालक वर्ग की डबल इवेंट टीम ने 29वीं राष्ट्रीय सेपक टाकरा (बालक एवं बालिका) चैंपियनशिप 2025-26 में शानदार प्रदर्शन करते हुए कास्य पदक अपने नाम किया है। यह राष्ट्रीय प्रतियोगिता 1 जनवरी से 5 जनवरी 2026 तक लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी, जालंधर (पंजाब) में आयोजित की गई।
द सेपक टाकरा एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड के उपाध्यक्ष डॉ. नागेंद्र शर्मा एवं सचिव आनंद खंपा ने जानकारी देते हुए बताया कि चैंपियनशिप में उत्तराखंड की जूनियर बालक एवं बालिका वर्ग की संयुक्त टीम ने प्रतिभाग किया। बालक वर्ग में मोहित उप्रेती, प्रिंस ध्यानी, सूरज सिंह, ईशान अधिकारी, हिमांशु गढ़िया, देवेश कुमार, दिव्यांशु विश्वकर्मा एवं तनिष वर्मा सहित कुल आठ खिलाड़ियों ने भाग लिया, जबकि बालिका वर्ग में मनस्वी जोशी, पूर्णिमा गोस्वामी, प्रियंका, मिताशी रावत एवं राशि बिष्ट समेत पांच खिलाड़ी शामिल रहीं। इस प्रकार कुल 13 खिलाड़ी राष्ट्रीय प्रतियोगिता में प्रदेश का प्रतिनिधित्व करने पहुंचे।
टीम के प्रशिक्षक के रूप में गौरव बिनवाल एवं काशीष शर्मा ने खिलाड़ियों का मार्गदर्शन किया। प्रतियोगिता के डबल इवेंट में मोहित उप्रेती, हिमांशु गढ़िया एवं सूरज सिंह ने उत्कृष्ट खेल का प्रदर्शन करते हुए कास्य पदक जीतकर उत्तराखंड को गौरवान्वित किया। इस उपलब्धि पर द सेपक टाकरा एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड के अध्यक्ष आर.पी. शर्मा सहित समस्त पदाधिकारियों एवं खेल प्रेमियों ने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

