लालकुआं न्यूज।उत्तराखंड समाचार
(Rajtantra Times) लालकुआं–बेंगलुरु स्पेशल एक्सप्रेस रेलगाड़ी संख्या 05074 का शुक्रवार को शुभारंभ हुआ। नैनीताल लोकसभा सांसद अजय भट्ट ने क्षेत्रीय विधायक डॉ. मोहन सिंह बिष्ट के साथ लालकुआं रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर पांच से हरी झंडी दिखाकर ट्रेन को रवाना किया।
इस मौके पर सांसद अजय भट्ट ने कहा कि लालकुआं क्षेत्र से देश के प्रमुख महानगरों के लिए रेल संपर्क को लगातार सुदृढ़ किया जा रहा है। वर्तमान में यहां से मुंबई के लिए तीन, बेंगलुरु के लिए एक, कोलकाता के लिए दो, दिल्ली के लिए चार तथा भुज के लिए एक रेलगाड़ी संचालित हो रही है। इसके अलावा उत्तराखंड से अन्य महानगरों के लिए भी कई ट्रेनें चलाई जा रही हैं।उन्होंने बताया कि शीघ्र ही अयोध्या के लिए रेल सेवा शुरू की जाएगी। साथ ही कुमाऊं मंडल से वंदे भारत ट्रेन चलाने के लिए रेल मंत्रालय से लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। सांसद ने कहा कि लालकुआं रेलवे स्टेशन का विस्तारीकरण कार्य प्रगति पर है और आने वाले समय में यह स्टेशन उत्तराखंड का सबसे बड़ा रेलवे स्टेशन बनेगा, जहां से देश के विभिन्न हिस्सों के लिए सुपरफास्ट ट्रेनें संचालित होंगी।
विधायक डॉ. मोहन सिंह बिष्ट ने केंद्र व राज्य सरकार द्वारा क्षेत्र में किए जा रहे विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि लंबी दूरी की ट्रेनों के संचालन से आमजन को सुविधा मिलेगी और स्थानीय स्तर पर रोजगार व स्वरोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय रेल मंत्री पीयूष गोयल, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी एवं सांसद अजय भट्ट का आभार व्यक्त किया।

