पंतनगर। (राजतंत्र टाइम्स)। गोविन्द बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, पंतनगर में कुलपति डा. शिवेन्द्र कुमार कश्यप के नेतृत्व में संचालित 15-दिवसीय ‘हरित यज्ञ’ अभियान के छठवें दिन विश्वविद्यालय के मीनाक्षी भवन, नेहरू भवन, मंदाकिनी भवन, सरस्वती भवन एवं अम्बेडकर भवन छात्रावास परिसरों में वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान आम, नींबू, करौंदा, कटहल, अमरूद सहित विभिन्न फलदार पौधों का रोपण कर हरित परिसर के निर्माण एवं पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। अभियान के माध्यम से विद्यार्थियों एवं विष्वविद्यालय समुदाय को अधिकाधिक वृक्षारोपण तथा पौधों के संरक्षण के लिए प्रेरित किया गया।
इस अवसर पर अधिष्ठाता छात्र कल्याण डा. विपिन ध्यानी, पशुचिकित्सा एवं पशु पालन विज्ञान महाविद्यालय के अधिष्ठाता डा. देवेन्द्र कुमार, प्रौद्योगिकी महाविद्यालय के अधिष्ठाता डा. एस.एस. गुप्ता, निदेशक संचार डा. जे.पी. जायसवाल, विभिन्न छात्रावासों के अभिरक्षक एवं सहायक छात्रावास अभिरक्षक, विद्यार्थियों तथा छात्रावास के कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक पौधरोपण कर अभियान में सहभागिता निभाई।


