श्री केदारनाथ धाम यात्रा 2026: प्रशासन का सख्त एक्शन, 100 से अधिक अतिक्रमण हटाकर मार्ग किया सुगम
गौरीकुण्ड से केदारनाथ तक सघन निरीक्षण, सुरक्षा व सुविधाओं को लेकर प्रशासन सतर्क
रुद्रप्रयाग।(राजतंत्र टाइम्स) श्री केदारनाथ धाम यात्रा 2026 को सुरक्षित, सुव्यवस्थित एवं श्रद्धालुओं के लिए सुगम बनाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन द्वारा निरंतर प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। जिलाधिकारी रुद्रप्रयाग विशाल मिश्रा के निर्देशानुसार गठित विशेष मॉनिटरिंग टीम द्वारा आज गौरीकुण्ड से श्री केदारनाथ धाम तक पैदल यात्रा मार्ग का स्थलीय निरीक्षण किया गया।
इस विशेष अभियान का नेतृत्व तहसीलदार बसुकेदार प्रणव पाण्डेय द्वारा किया गया। निरीक्षण दल में वन क्षेत्राधिकारी (केदारनाथ वन्यजीव प्रभाग), पुलिस विभाग, जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (DDMA) तथा पशुपालन विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी सम्मिलित रहे।
निरीक्षण के दौरान यात्रा मार्ग पर घोड़े-खच्चर संचालकों द्वारा बनाए गए 100 से अधिक अवैध एवं अनियमित डेरों (टेंट/शेल्टर) को हटाने की कार्रवाई की गई, जिससे मार्ग को अवरोध मुक्त करते हुए श्रद्धालुओं के आवागमन को अधिक सुगम बनाया गया।
टीम द्वारा यात्रा मार्ग के विभिन्न महत्वपूर्ण एवं संवेदनशील स्थलों का गहन निरीक्षण किया गया। गौरीकुण्ड क्षेत्र में 31, चिरबासा में 12, चिरबासा से भीमबली के मध्य 24, भीमबली से छोटी लिनचोली तक 35 (+3) तथा छोटी लिनचोली से बड़ी लिनचोली होते हुए घोड़ापड़ाव तक 42 अनियमित डेरों (टेंट/शेल्टर) हटाए गए तथा यात्री व्यवस्थाओं, सुरक्षा मानकों एवं उपलब्ध सुविधाओं की विस्तृत समीक्षा की गई।
निरीक्षण के दौरान संबंधितों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए हैं, ताकि यात्रा के दौरान व्यवस्थाएं और अधिक सुदृढ़ एवं प्रभावी रूप से संचालित की जा सकें।
जिला प्रशासन द्वारा यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि श्री केदारनाथ धाम यात्रा 2026 के दौरान श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुगम एवं व्यवस्थित यात्रा अनुभव प्राप्त हो।

