- ‘बूथ मजबूत तो जीत तय’— भाजपा ने कार्यकर्ताओं को दिया संदेश
रुद्रपुर।(राजतंत्र टाइम्स) । भारतीय जनता पार्टी की विधानसभा रुद्रपुर की संगठनात्मक बैठक रविवार को एक निजी होटल में आयोजित की गई। बैठक का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं वंदे मातरम् के सामूहिक गायन के साथ हुआ। बैठक में आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों, संगठन विस्तार, बूथ सशक्तिकरण एवं कार्यकर्ताओं की भूमिका पर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक के मुख्य वक्ता विधायक शिव अरोरा ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव प्रत्येक कार्यकर्ता की मेहनत, अनुशासन और समर्पण की परीक्षा है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी का संगठन बूथ स्तर पर कार्य करने वाले कार्यकर्ताओं की बदौलत देश का सबसे मजबूत संगठन बना है। प्रत्येक कार्यकर्ता बूथ स्तर तक संगठन को सशक्त बनाते हुए घर-घर संपर्क स्थापित करे तथा केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को आमजन तक पहुंचाए। उन्होंने कहा कि संगठन द्वारा दिए गए प्रत्येक दायित्व का पूरी निष्ठा एवं जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करते हुए आगामी विधानसभा चुनाव में पार्टी की ऐतिहासिक विजय सुनिश्चित करनी है।
महापौर विकास शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि भारतीय जनता पार्टी सेवा, सुशासन और राष्ट्रहित की विचारधारा पर कार्य करने वाला संगठन है। उन्होंने कहा कि संगठन की मजबूती का आधार प्रत्येक कार्यकर्ता है और बूथ स्तर पर सक्रिय कार्यकर्ता ही पार्टी की सफलता की सबसे बड़ी ताकत हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आमजन के बीच निरंतर संपर्क बनाए रखने, सरकार की उपलब्धियों एवं जनकल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने तथा समाज के प्रत्येक वर्ग को संगठन से जोड़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सभी कार्यकर्ता पूर्ण अनुशासन, समर्पण और टीम भावना के साथ आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटें।
कार्यक्रम संयोजक सुरेश कोहली ने आगामी विधानसभा चुनाव की संगठनात्मक तैयारियों पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए बूथ प्रबंधन, मतदाता संपर्क एवं संगठन द्वारा निर्धारित कार्यक्रमों के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक कार्यकर्ता अपनी जिम्मेदारियों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करते हुए संगठन को और अधिक मजबूत बनाने में योगदान दे।
बैठक में जिला महामंत्री तरुण दत्ता, जिला उपाध्यक्ष अमित नारंग एवं शालिनी बोरा, भाजपा नेत्री मीना शर्मा, प्रीत ग्रोवर, राकेश सिंह, उपेंद्र चौधरी, प्रदेश, जिला एवं मंडल अध्यक्ष सुनील ठुकराल, मुकेश पाल, धीरज गुप्ता एवं सुदर्शन विश्वास सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन जिला मंत्री गजेंद्र प्रजापति ने किया।
बैठक के अंत में संगठन की मजबूती, बूथ सशक्तिकरण एवं आगामी विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी की विजय सुनिश्चित करने के लिए सभी कार्यकर्ताओं ने पूर्ण समर्पण के साथ कार्य करने का संकल्प लिया।


