देहरादून न्यूज़ । (राजतंत्र टाइम्स) कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने शनिवार को सहस्त्रधारा बांडावाली स्थित सामुदायिक भवन में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में प्रतिभाग किया। इस दौरान विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली आंगनबाड़ी, आशा कार्यकत्रियों और स्वयं सहायता समूह से जुड़ी महिलाओं को स्मृति चिन्ह व शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में स्वयं सहायता समूह की महिलाओं ने अपने अनुभव भी साझा किए।
मंत्री गणेश जोशी ने सभी को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उत्तराखंड राज्य आंदोलन से लेकर आज तक महिलाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण रही है। उन्होंने कहा कि महिलाएं प्रदेश की अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने में अहम योगदान दे रही हैं। महिलाओं के सशक्तिकरण से ही समाज और राज्य की आर्थिक स्थिति मजबूत होती है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में महिला सशक्तिकरण और आजीविका संवर्धन के लिए केंद्र और राज्य सरकार लगातार कार्य कर रही है। प्रधानमंत्री द्वारा देशभर में 3 करोड़ लखपति दीदी बनाने का लक्ष्य रखा गया है, वहीं मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड सरकार ने प्रदेश में 5 लाख महिलाओं को लखपति दीदी बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया है। उन्होंने बताया कि राज्य में अब तक 2.55 लाख महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं।
कार्यक्रम के दौरान सहस्त्रधारा क्षेत्र के एक स्वयं सहायता समूह की महिलाओं ने अपने आउटलेट के लिए फ्रीजर की मांग की, जिस पर कैबिनेट मंत्री ने शीघ्र फ्रीजर उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया।
इस अवसर पर भाजपा प्रदेश मंत्री नेहा जोशी ने भी महिलाओं के सशक्तिकरण और स्वयं सहायता समूहों की भूमिका पर अपने विचार रखे। कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य वीर सिंह चौहान, महिला मोर्चा प्रदेश प्रवक्ता कमली भट्ट, ग्राम प्रधान सोनिया थापा सहित सागर पंवार, संजय राणा, श्याम सिंह पायल, सुनील चमोली, राकेश जवाडी, सुंदर पयाल समेत बड़ी संख्या में मातृशक्ति उपस्थित रही।

