पंतनगर।(राजतंत्र टाइम्स)। गोविन्द बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय, पंतनगर के पशुचिकित्सा एवं पशुविज्ञान महाविद्यालय के नवागंतुक विद्यार्थियों के स्वागत हेतु ‘नवपल्लव’ समारोह का आयोजन डा. रतन सिंह सभागार में हर्षोल्लास के साथ किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विश्वविद्यालय के कुलपति डा. शिवेन्द्र कुमार कश्यप थे। इस अवसर पर कुलसचिव डा. दीपा विनय, अधिष्ठाता छात्र कल्याण डा. विपिन चंद्र ध्यानी तथा एनसीसी के कमांडिंग ऑफिसर मेजर सागर लोचन बी सहित अन्य अतिथि उपस्थित रहे।

पशुचिकित्सा एवं पशुविज्ञान महाविद्यालय के अधिष्ठाता डा. देवेंद्र कुमार के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम का संयोजन वेटरनरी सोसायटी की परामर्शदाता डा. मानसी एवं सह-परामर्शदाता डा. अमन काम्बोज ने किया। कार्यक्रम में महाविद्यालय के वरिष्ठ विभागाध्यक्षों, संकाय सदस्यों एवं विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।समारोह का शुभारंभ अतिथियों के स्वागत के साथ हुआ। इसके पश्चात नवागंतुक विद्यार्थियों ने अपना परिचय देने के साथ-साथ अपनी रुचियों एवं प्रतिभाओं का प्रदर्शन किया। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों में दुर्गा वंदना, पहाड़ी एवं हिमाचली नृत्य, गरबा, कव्वाली, बॉलीवुड डांस, बैंड शो, हरियाणवी नृत्य और भांगड़ा प्रमुख आकर्षण रहे। विद्यार्थियों की विविध एवं मनमोहक प्रस्तुतियों ने उपस्थित दर्शकों का खूब मनोरंजन किया।
इस अवसर पर कुलपति डा. शिवेंद्र कुमार कश्यप ने विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए उन्हें अपनी प्रतिभा को और अधिक निखारने तथा सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम की विशेष उपलब्धि यह रही कि प्रथम वर्ष के सभी नवागंतुक विद्यार्थियों ने मंच पर आकर अपनी किसी न किसी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। वरिष्ठ विद्यार्थियों ने भी कार्यक्रम के आयोजन एवं सफल संचालन में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
समारोह का समापन मुख्य अतिथि एवं अन्य अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त करने के साथ हुआ।
