- ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ कार्यक्रम में लोगों से किया संवाद
- लाभार्थियों को वितरित किए चेक , पौधरोपण कर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश
रुद्रपुर। (राजतंत्र टाइम्स)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में चल रहे ‘सेवा, सुशासन और समर्पण अभियान’ के अंतर्गत मंगलवार को नगर निगम में आयोजित ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ कार्यक्रम विकास, जनकल्याण और जनसंवाद का बड़ा मंच बनकर सामने आया। कार्यक्रम में प्रदेश के कैबिनेट मंत्री एवं ऊधमसिंह नगर के प्रभारी मंत्री प्रदीप बत्रा ने करीब 5.52 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास योजनाओं का शिलान्यास कर शहरवासियों को विकास की नई सौगात दी। इस अवसर पर उन्होंने आम जनता से सीधा संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं, अधिकारियों को मौके पर ही त्वरित समाधान के निर्देश दिए तथा विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को चेक एवं अन्य सामग्री वितरित की।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, भाजपा पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं तथा आम नागरिकों की उपस्थिति रही। नगर निगम परिसर पहुंचने पर प्रभारी मंत्री प्रदीप बत्रा का महापौर विकास शर्मा, विधायक शिव अरोरा, भाजपा जिलाध्यक्ष कमल जिंदल, दर्जा मंत्री रामपाल सिंह, दर्जा मंत्री उत्तम दत्ता सहित अन्य जनप्रतिनिधियों एवं कार्यकर्ताओं ने फूल मालाओं से भव्य स्वागत किया और उन्हें स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया।

प्रभारी मंत्री प्रदीप बत्रा ने रुद्रपुर नगर क्षेत्र के विभिन्न वार्डों एवं सार्वजनिक स्थलों पर आधारभूत सुविधाओं के विकास से जुड़ी कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं का शिलान्यास किया। इनमें वार्ड संख्या-38 आवास विकास में विभाजन विभीषिका स्मृति पार्क निर्माण, रुद्रा वेंडिंग जोन के दाहिनी ओर एवं यूपीसीएल कार्यालय के पीछे वेंडिंग जोन फेस-02 हेतु 70.51 लाख रुपये की लागत से साइट डेवलपमेंट सिविल कार्य, 90.10 लाख रुपये की लागत से वेंडिंग जोन फेस-02 निर्माण कार्य, वार्ड संख्या-28 मुख्य बाजार स्थित बाटा चौक पर 24.90 लाख रुपये की लागत से घंटाघर निर्माण, कलेक्ट्रेट परिसर में 78.78 लाख रुपये की लागत से प्री-कास्ट रूफ टॉप वर्षा जल संचयन परियोजना, लंबाखेड़ा में 2.43 करोड़ रुपये की लागत से गौसदन निर्माण तथा ट्रांजिट कैंप में 44.38 लाख रुपये की लागत से नगर निकाय साझा केंद्र निर्माण जैसी योजनाएं शामिल हैं। इन परियोजनाओं के माध्यम से शहर में व्यापारिक सुविधाओं का विस्तार, पर्यावरण संरक्षण, जल संरक्षण, पशु संरक्षण तथा सार्वजनिक सुविधाओं को बेहतर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल होगी।
जनसेवा स्टॉलों का किया निरीक्षण, 257 लाभार्थियों को मिला योजनाओं का लाभ
प्रभारी मंत्री ने नगर निगम परिसर में विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए जनसेवा स्टॉलों का निरीक्षण किया और विभिन्न योजनाओं की प्रगति की जानकारी ली। इसके बाद आयोजित जनसंवाद कार्यक्रम में उन्होंने आम नागरिकों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं तथा संबंधित विभागीय अधिकारियों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक समयबद्ध ढंग से पहुंचे तथा जनहित से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए 30 जनसेवा स्टॉलों के माध्यम से आम नागरिकों को एक ही स्थान पर सरकारी योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया गया। शिविर में 258 आवेदन एवं प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से 257 लाभार्थियों को मौके पर ही विभिन्न योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ प्रदान किया गया।
शिविर में समाज कल्याण विभाग ने 10 पेंशन आवेदनों का निस्तारण किया तथा 17 दिव्यांग लाभार्थियों को व्हीलचेयर, बैसाखी एवं अन्य सहायक उपकरण वितरित किए। पूर्ति विभाग ने दो राशन कार्ड जारी किए, जबकि जिला उद्योग केंद्र ने प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम के एक लाभार्थी को लाभान्वित किया।
महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास विभाग ने 7 लाभार्थियों को महालक्ष्मी किट, 6 बालिकाओं को नंदा गौरा योजना तथा 5 महिलाओं को प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना का लाभ प्रदान किया। होम्योपैथी विभाग ने 31 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया। कृषि विभाग ने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के दो लाभार्थियों को लाभान्वित किया तथा 20 किसानों को ड्रैगन फ्रूट उद्यान स्थापना योजना से जोड़ा।
राजस्व विभाग ने आय, जाति एवं स्थायी निवास प्रमाण-पत्रों से संबंधित चार प्रकरणों का निस्तारण किया। जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास कार्यालय ने पूर्व सैनिकों एवं उनके आश्रितों से जुड़े चार मामलों में सहायता प्रदान की।
नगर निगम रुद्रपुर के स्टॉल पर 5 जन्म एवं मृत्यु पंजीकरण, 17 आधार कार्ड अपडेट/सुधार, 2 जन्म प्रमाण-पत्र, 10 पोषण अभियान के अंतर्गत चेक एवं क्रेडिट कार्ड वितरण, 100 पौधों का वितरण तथा श्नमस्ते योजनाश् के तहत 10 लाभार्थियों को किट वितरित की गई। इसके अलावा प्रधानमंत्री आवास योजना के चार लाभार्थियों को भी योजनाओं का लाभ दिया गया। वहीं विद्युत वितरण खंड को प्राप्त एक शिकायत का भी मौके पर निस्तारण किया गया। शिविर में स्वास्थ्य, कृषि, उद्यान, पशुपालन, आयुष, श्रम, महिला एवं बाल विकास, समाज कल्याण, उद्योग, राजस्व, निर्वाचन, पंचायत राज, जल जीवन मिशन, पर्यटन, कौशल विकास तथा अन्य विभागों ने भी लोगों को योजनाओं की जानकारी देते हुए पात्र लाभार्थियों को विभिन्न सेवाएं उपलब्ध कराईं।
‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान में किया पौधरोपण
कार्यक्रम के दौरान प्रभारी मंत्री प्रदीप बत्रा ने ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत नगर निगम परिसर में पौधरोपण किया तथा उपस्थित लोगों को पौधे वितरित कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक नागरिक को प्रकृति संरक्षण के लिए कम से कम एक पौधा अवश्य लगाना चाहिए तथा उसकी देखभाल भी करनी चाहिए। सरकार अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध रू प्रदीप बत्रा
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रभारी मंत्री प्रदीप बत्रा ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड सरकार सेवा, सुशासन और समर्पण के मूल मंत्र के साथ कार्य कर रही है। सरकार का उद्देश्य केवल योजनाएं बनाना नहीं, बल्कि उनका लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ कार्यक्रम शासन और जनता के बीच की दूरी को समाप्त कर रहा है। अब सरकार स्वयं जनता के बीच पहुंचकर उनकी समस्याएं सुन रही है और उनका समाधान सुनिश्चित कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार सड़क, पेयजल, स्वास्थ्य, शिक्षा, शहरी विकास, रोजगार, जल संरक्षण तथा आधारभूत ढांचे के विस्तार पर तेजी से कार्य कर रही है। प्रत्येक जिले में विकास कार्यों की नियमित समीक्षा की जा रही है ताकि योजनाएं निर्धारित समय सीमा में पूरी हों और आम जनता को उनका पूरा लाभ मिल सके।
प्रभारी मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन एवं मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है। पारदर्शी, जवाबदेह एवं जनहितकारी शासन व्यवस्था के माध्यम से विकास योजनाओं को तेजी से धरातल पर उतारा जा रहा है। सरकार की प्राथमिकता प्रत्येक नागरिक के जीवन को सरल, सुरक्षित और सुविधाजनक बनाना है।
रुद्रपुर को आधुनिक एवं व्यवस्थित शहर बनाने की दिशा में तेजी से हो रहा कार्य: महापौर
महापौर विकास शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व तथा प्रभारी मंत्री प्रदीप बत्रा के सहयोग से रुद्रपुर में विकास कार्यों को अभूतपूर्व गति मिली है। नगर निगम क्षेत्र में आधुनिक वेंडिंग जोन, गौसदन, घंटाघर, वर्षा जल संचयन परियोजनाएं, बाजारों का सौंदर्यीकरण और अन्य आधारभूत विकास कार्य शहर के सुनियोजित विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं। उन्होंने कहा कि विश्वकर्मा मार्केट से हटाये जा रहे व्यापारियों को जल्द ही नगर निगम नई दुकानें आवंटित करेगा। उन्होंने कहा कि नगर निगम शहर को स्वच्छ, सुंदर, व्यवस्थित और आधुनिक बनाने के लिए लगातार कार्य कर रहा है। भविष्य में भी अनेक महत्वाकांक्षी विकास परियोजनाएं धरातल पर दिखाई देंगी, जिससे रुद्रपुर की पहचान एक आधुनिक एवं सुव्यवस्थित शहर के रूप में और मजबूत होगी।
विधायक शिव अरोरा ने कहा कि रुद्रपुर आज प्रदेश के तेजी से विकसित हो रहे शहरों में शामिल हो चुका है। केंद्र एवं राज्य सरकार के सहयोग से सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा, पेयजल, व्यापार और आधारभूत ढांचे के क्षेत्र में लगातार विकास कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि जनसंवाद कार्यक्रम सरकार की संवेदनशील कार्यशैली का प्रमाण है, जहां जनता की समस्याओं का समाधान सीधे मौके पर किया जा रहा है।
कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष कमल जिंदल, दर्जा मंत्री रामपाल सिंह, भाजपा नेता भारत भूषण चुघ, तरुण दत्ता, धीरेन्द्र मिश्रा, पारस चुघ, अमित नारंग, गौरव जुयाल, पवन राणा, विष्णु सिंह सहित अनेक जनप्रतिनिधि, विभिन्न विभागों के अधिकारी, भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में आम नागरिक उपस्थित रहे।


