8 जुलाई से शुरू होनी है इंडसटेक-2026, आयोजन स्थल पर उठे सवाल; सांसद अजय भट्ट बोले—मामला पहली बार आपके माध्यम से पता चला
रुद्रपुर।(राजतंत्र टाइम्स)। उत्तराखंड की चर्चित औद्योगिक प्रदर्शनी इंडसटेक रुद्रपुर इंडस्ट्रियल एग्जीबिशन-2026 उद्घाटन से ठीक पहले विवादों में घिर गई है। विवाद प्रदर्शनी के आयोजन स्थल को लेकर है। प्रचार-प्रसार के लिए लगाए गए फ्लेक्स, पोस्टर और निमंत्रण पत्रों में वेन्यू “आर्क होटल, रुद्रपुर” लिखा गया है, जबकि कई उद्यमियों का दावा है कि संबंधित होटल उत्तर प्रदेश के रामपुर जिले में स्थित है। इससे उद्योग जगत में भ्रम की स्थिति पैदा हो गई है।
8, 9 और 10 जुलाई को आयोजित होने वाली इस प्रदर्शनी में 150 से अधिक औद्योगिक स्टॉल लगाए जाने हैं। हरियाणा, पंजाब, दिल्ली, गुजरात, राजस्थान, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड सहित कई राज्यों की कंपनियों के शामिल होने का दावा किया गया है। ऐसे में बाहर से आने वाले उद्योग प्रतिनिधियों और कारोबारियों के गलत स्थान पर पहुंचने की आशंका भी जताई जा रही है।
सिडकुल पंतनगर स्थित जोविस हर्बल प्रोडक्ट प्राइवेट लिमिटेड के प्लांट हेड कमलेश माजिला ने बताया कि लगाया कि”आर्क होटल, उत्तर प्रदेश मे है। जबकि प्रदर्शनी रुद्रपुर” लिखकर उद्यमियों को गुमराह किया जा रहा है। उनका कहना है कि इतने बड़े औद्योगिक आयोजन में वेन्यू का सही और स्पष्ट उल्लेख होना चाहिए, ताकि प्रतिभागियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
इस पूरे मामले में जब नैनीताल-ऊधमसिंह नगर के सांसद अजय भट्ट से प्रतिक्रिया ली गई तो उन्होंने कहा, “यह मामला मेरे संज्ञान में नहीं है। आपके माध्यम से पहली बार जानकारी मिली है। इस संबंध में क्षेत्रीय विधायक और जिलाधिकारी से जानकारी लें सकते हैं।”
प्रदर्शनी का आयोजन द्रोणाचार्य इवेंट्स प्राइवेट लिमिटेड द्वारा किया जा रहा है और उद्घाटन समारोह में रुद्रपुर विधायक शिव अरोरा के मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने का कार्यक्रम प्रस्तावित है।
अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिर इंडसटेक-2026 का वास्तविक आयोजन स्थल रुद्रपुर है या रामपुर? उद्योग जगत आयोजकों से इस भ्रम पर तत्काल आधिकारिक स्पष्टीकरण की मांग कर रहा है, ताकि देशभर से आने वाले प्रतिभागियों को किसी असुविधा का सामना न करना पड़े।
नोट: इस समाचार में उद्यमियों और सांसद का पक्ष शामिल है। यदि आयोजन समिति, विधायक या जिला प्रशासन का आधिकारिक स्पष्टीकरण प्राप्त होता है, तो उसे भी समान प्रमुखता से प्रकाशित किया जायगा


