- दिनेशपुर थाना दिवस में दिखा पुलिस का मानवीय चेहरा, स्थानीय भाषा में संवाद कर जीता लोगों का भरोसा
दिनेशपुर।(राजतंत्र टाइम्स)। पुलिस और जनता के बीच भरोसे की मजबूत कड़ी बनाने की दिशा में रविवार को थाना दिनेशपुर में आयोजित थाना दिवस के दौरान एक अलग ही तस्वीर देखने को मिली। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) अजय गणपति ने शिकायत लेकर पहुंचे बंगाली समाज के लोगों से उनकी मातृभाषा बांग्ला में संवाद किया। पुलिस कप्तान को अपनी भाषा में बात करते देख लोगों की झिझक खत्म हो गई और उन्होंने खुलकर अपनी समस्याएं रखीं।
थाना दिवस में दूर-दराज से पहुंचे ग्रामीणों और बुजुर्गों ने यातायात व्यवस्था, नशे के बढ़ते कारोबार और अन्य स्थानीय समस्याओं को लेकर शिकायतें दर्ज कराईं। एसएसपी ने प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से सुना और संबंधित थाना प्रभारी व पुलिस अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। कई मामलों का मौके पर ही समाधान कराया गया, जबकि शेष शिकायतों के समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए गए।
एसएसपी अजय गणपति ने कहा कि पुलिस का उद्देश्य केवल शिकायत दर्ज करना नहीं, बल्कि पीड़ित को समय पर न्याय दिलाना है। शिकायतों का निस्तारण कागजों तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि उसका असर जमीन पर दिखना चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी स्तर पर लापरवाही मिलने पर संबंधित अधिकारी की जवाबदेही तय की जाएगी।
थाना दिवस में एसएसपी का स्थानीय भाषा में संवाद करना पूरे कार्यक्रम का सबसे खास पहलू रहा। लोगों ने इसे पुलिस के संवेदनशील और जनसरोकार वाले रवैये का उदाहरण बताते हुए सराहना की। स्थानीय नागरिकों का कहना था कि जब अधिकारी उनकी भाषा में बात करते हैं तो अपनी बात कहना आसान हो जाता है और पुलिस के प्रति विश्वास भी बढ़ता है।


