रोबोटिक्स प्रशिक्षण कार्यशाला का सफल समापन

Share Now

पंतनगर।(राजतंत्र टाइम्स)। गोविंद बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय, पंतनगर के प्रौद्योगिकी महाविद्यालय में इलेक्ट्रॉनिक्स एवं संचार अभियांत्रिकी विभाग एवं एआई स्क्वायर के संयुक्त तत्वावधान में 24 जून से 8 जुलाई तक आयोजित 15-दिवसीय रोबोटिक्स एवं आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस प्रशिक्षण कार्यशाला का सफलतापूर्वक समापन हुआ।
कार्यक्रम का आयोजन प्रौद्योगिकी महाविद्यालय के अधिष्ठाता डा. एस.एस. गुप्ता के मार्गदर्शन में किया गया। कार्यशाला का सफल संचालन इलेक्ट्रॉनिक्स एवं संचार अभियांत्रिकी विभाग के सहायक प्राध्यापक डा. के.के. शर्मा तथा प्रोफेसर डा. अभिषेक तोमर द्वारा किया गया। प्रशिक्षण में एआई स्क्वायर के संस्थापक श्री पर्व कपूर एवं विशेषज्ञ श्री अर्नव रस्तोगी ने रोबोटिक्स, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस तथा आधुनिक एम्बेडेड प्रणालियों से संबंधित व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान किया।
कार्यशाला का उद्देश्य विद्यार्थियों को उद्योगोन्मुखी तकनीकी कौशल, नवाचार की सोच तथा रोबोटिक्स एवं एआई आधारित प्रणालियों के व्यावहारिक ज्ञान से परिचित कराना था। इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में 56 विद्यार्थियों ने सक्रिय सहभागिता की।
समापन समारोह में प्रतिभागियों द्वारा विकसित परियोजना का प्रदर्शन किया गया। सभी प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए, जबकि उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों एवं टीमों को प्रौद्योगिकी महाविद्यालय के अधिष्ठाता डा. एस.एस. गुप्ता तथा स्नातकोत्तर महाविद्यालय के अधिष्ठाता डा. लोकेश वार्ष्णेय द्वारा विशेष पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर एआई स्क्वायर ने भविष्य में भी प्रौद्योगिकी महाविद्यालय के साथ रोबोटिक्स एवं आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस आधारित परियोजनाओं, तकनीकी प्रशिक्षण तथा नवाचार गतिविधियों में सहयोग जारी रखने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *