कल खुलेंगे पंचकेदारों में शामिल पवित्र रुद्रनाथ मंदिर के कपाट

Share Now

 

  • गोपीनाथ मंदिर से विधि-विधान के साथ रवाना हुई भगवान रुद्रनाथ की उत्सव डोली, श्रद्धालुओं में उत्साह

चमोली। (राजतंत्र टाइम्स) देवभूमि उत्तराखंड के पंचकेदारों में शामिल पवित्र रुद्रनाथ मंदिर के कपाट 18 मई को विधिवत रूप से श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ खोल दिए जाएंगे। कपाट खुलने से पूर्व भगवान रुद्रनाथ की उत्सव डोली अपने शीतकालीन गद्दी स्थल गोपीनाथ मंदिर से वैदिक मंत्रोच्चारण और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ रुद्रनाथ धाम के लिए रवाना हुई।

इस अवसर पर मंदिर समिति की ओर से भव्य धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर भगवान रुद्रनाथ के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। सुबह से ही गोपीनाथ मंदिर परिसर में विशेष पूजा-अर्चना, धार्मिक अनुष्ठान एवं भजन-कीर्तन का आयोजन किया गया, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा।

कार्यक्रम में भारत सिंह चौधरी ने भी प्रतिभाग किया और प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की धार्मिक परंपराएं और आस्था हमारी संस्कृति की पहचान हैं, जिन्हें संजोकर रखना सभी की जिम्मेदारी है।

हर वर्ष की परंपरा के अनुसार भगवान रुद्रनाथ की उत्सव डोली को हक-हकूकधारियों द्वारा पूरे श्रद्धा भाव और पारंपरिक विधि-विधान के साथ रवाना किया गया। डोली यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं ने जयकारों के साथ भगवान रुद्रनाथ का स्वागत किया।

रुद्रनाथ मंदिर के पुजारी हरीश भट्ट ने बताया कि 18 मई को शुभ मुहूर्त में मंदिर के कपाट खोल दिए जाएंगे, जिसके बाद देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालु भगवान रुद्रनाथ के दर्शन कर सकेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *