एसएसपी के हाथों खोए मोबाइल पाकर खिल उठे चेहरे, 110 फोन लौटाए गए
रुद्रपुर न्यूज। उत्तराखंड समाचार (Rajtantra Times) वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मणिकांत मिश्रा के हाथों अपने खोए हुए मोबाइल फोन पाकर लोग गदगद नजर आए। ऊधम सिंह नगर पुलिस की एसओजी एवं सर्विलांस टीम की कड़ी मेहनत के बाद जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों से 110 खोए हुए मोबाइल फोन बरामद किए गए।
सोमवार को पुलिस कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान एसएसपी मणिकांत मिश्रा ने सभी बरामद मोबाइल उनके मूल स्वामियों को सुपुर्द किए। अपने खोए फोन वापस पाकर लोगों के चेहरों पर खुशी साफ झलक रही थी। कई लोगों ने कहा कि उन्हें मोबाइल मिलने की उम्मीद ही नहीं थी, लेकिन पुलिस की तत्परता और मेहनत से उनका फोन वापस मिल गया। इसके लिए उन्होंने ऊधम सिंह नगर पुलिस का आभार जताया।
इस अवसर पर एसएसपी मणिकांत मिश्रा ने कहा कि पुलिस का उद्देश्य केवल अपराध नियंत्रण नहीं, बल्कि आमजन की सेवा करना भी है। आज के दौर में मोबाइल फोन सिर्फ एक उपकरण नहीं, बल्कि उसमें व्यक्तिगत डेटा और यादें जुड़ी होती हैं। पुलिस टीम ने तकनीकी दक्षता का उपयोग कर इन फोनों को ट्रैक किया और बरामद किया।
उन्होंने कहा कि नए साल पर यह पुलिस की ओर से जनता के लिए एक छोटा सा तोहफा है।
एसएसपी ने आमजन से अपील की कि वे अपने मोबाइल फोन और अन्य कीमती सामान के प्रति सतर्क रहें तथा यदि फोन खो जाए तो तत्काल संबंधित थाने में सूचना दें, जिससे समय रहते ट्रैकिंग की कार्रवाई की जा सके।

