रुद्रपुर।(राजतंत्र टाइम्स)। उत्तराखंड के लोकपर्व हरेला के अवसर पर किच्छा रोड स्थित स्वामी शिवानंद कन्या गुरुकुलम विद्यालय में पर्यावरण संरक्षण एवं हरित उत्तराखंड के संकल्प को साकार करने के उद्देश्य से नवग्रह वाटिका में वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के वरिष्ठ प्रचारक डालचंद जी के दिशा-निर्देशन एवं प्रेरणा में आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य हरेला पर्व के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण के प्रति जनजागरूकता बढ़ाना तथा अधिक से अधिक वृक्षारोपण के लिए समाज को प्रेरित करना था।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष एवं आईएएस अधिकारी जय किशन, उनकी धर्मपत्नी श्रीमती शिल्पी गोयल तथा दर्जा राज्य मंत्री रामपाल सिंह ने संयुक्त रूप से नवग्रह वाटिका में विभिन्न प्रजातियों के पौधों का रोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

अपने संबोधन में दर्जा राज्य मंत्री रामपाल सिंह ने कहा कि हरेला पर्व प्रकृति के प्रति हमारी आस्था, पर्यावरण संरक्षण के प्रति हमारी जिम्मेदारी और आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य का प्रतीक है। उन्होंने सभी नागरिकों से प्रत्येक वर्ष अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनके संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान किया।
मुख्य अतिथि जय किशन ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। यदि आज प्रत्येक व्यक्ति एक-एक पौधा लगाकर उसका संरक्षण करने का संकल्प ले, तो आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण उपलब्ध कराया जा सकता है।
कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने पर्यावरण संरक्षण, जलवायु संतुलन एवं हरित उत्तराखंड के निर्माण में सक्रिय सहभागिता निभाने का संकल्प लिया। विद्यालय परिवार ने सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए उनका आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर विद्यालय प्रबंधन समिति के डालचंद जी, विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती रीता पियूष, अजय जी, राहुल जी, हरविंदर सिंह विर्क, राहुल, श्री राजेश गुप्ता, कमल राणा, वीरेन्द्र यादव, शक्ति बटला, विवेक भसीन, अजय अग्रवाल सहित विद्यालय की समस्त शिक्षिकाएं, छात्राएं एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।


