गांधी पार्क में सजेगा उधमसिंह कार्निवाल–2026, सीएम धामी करेंगे सरस आजीविका मेले का भव्य शुभारम्भ

Share Now

रूद्रपुर न्यूज़। (राजतंत्र टाइम्स) ऊधमसिंह नगर के जिला मुख्यालय में 14 से 23 फरवरी तक गांधी पार्क, रूद्रपुर में उधमसिंह कार्निवाल सरस आजीविका मेला–2026 का आयोजन किया जाएगा। मेले का भव्य शुभारम्भ उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा किया जाएगा।
सरस मेले की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने विधायक शिव अरोरा एवं संबंधित अधिकारियों के साथ गांधी पार्क का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कार्यदायी संस्था को निर्देश दिए कि मेले की समस्त तैयारियाँ समय से पूर्व पूर्ण की जाएँ।
जिलाधिकारी ने जानकारी दी कि शनिवार को अपराह्न 5 बजे मुख्यमंत्री द्वारा सरस आजीविका मेले का शुभारम्भ किया जाएगा। इस अवसर पर जनपद प्रभारी एवं ग्राम विकास, कृषि एवं कृषक कल्याण, सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी, सांसद अजय भट्ट, महापौर विकास शर्मा तथा विधायक शिव अरोरा की गरिमामयी उपस्थिति रहेगी।

शुभारम्भ के उपरांत मुख्यमंत्री द्वारा मेले में लगे स्टॉलों का अवलोकन किया जाएगा। शाम 5:30 बजे सांस्कृतिक संध्या का आयोजन होगा, जिसमें रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ हिमनंद बैण्ड की प्रस्तुति तथा अमर नाथ सेवा मंडल द्वारा शिव जागरण की भक्तिमय प्रस्तुति दी जाएगी।
निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शाशनी, अपर जिलाधिकारी पंकज उपाध्याय, नगर आयुक्त शिप्रा जोशी, अधिशासी अभियंता लोनिवि गजेन्द्र सिंह, विद्युत विभाग से उमाकांत चतुर्वेदी, लघु सिंचाई विभाग के सुशील कुमार, खण्ड विकास अधिकारी असित आनंद सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *