महिला क्लब, पंतनगर ने हरित यज्ञ अभियान के अंतर्गत किया वृहद वृक्षारोपण

Share Now

पंतनगर।(राजतंत्र टाइम्स)। गोविन्द बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, पंतनगर में कुलपति डा. शिवेन्द्र कुमार कश्यप के नेतृत्व में संचालित 15-दिवसीय ‘हरित यज्ञ’ अभियान के अंतर्गत महिला क्लब, पंतनगर द्वारा विश्वविद्यालय के यूनिवर्सिटी सेंटर (नाहेप) परिसर में वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम का नेतृत्व विश्वविद्यालय की प्रथम महिला श्रीमती रेणू कश्यप ने किया। इस अवसर पर उन्होंने पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण एवं हरित परिसर के निर्माण का संदेश दिया। महिला क्लब, पंतनगर की सभी महिला सदस्यों ने भी उत्साहपूर्वक वृक्षारोपण कर अभियान में अपनी सहभागिता निभाई।
कार्यक्रम के दौरान श्रीमती रेणू कश्यप ने महिला क्लब की प्रत्येक सदस्य को पौधे भेंट किए तथा उनसे अपने आवास के आसपास इन पौधों का रोपण कर उनके संरक्षण एवं संवर्धन का संकल्प लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि वृक्षारोपण तभी सार्थक होगा जब प्रत्येक पौधे की नियमित देखभाल कर उसे एक वृक्ष के रूप में विकसित किया जाए। महिला क्लब की सदस्यों ने पर्यावरण संरक्षण, हरित परिसर के निर्माण तथा अधिकाधिक वृक्षारोपण के संकल्प के साथ अभियान को सफल बनाने में सक्रिय सहयोग देने का विश्वास व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *