रुद्रपुर न्यूज़। (राजतंत्र टाइम्स)सहायक सम्भागीय परिवहन कार्यालय, ऊधमसिंहनगर की ओर से शहर के एक निजी होटल में सड़क दुर्घटनाओं के वैज्ञानिक विश्लेषण पर आधारित प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारम्भ मुख्य अतिथि जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने दीप प्रज्वलित कर किया।
कार्यक्रम में सम्भागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन) डॉ. गुरूदेव सिंह ने मुख्य अतिथि तथा विशिष्ट अतिथि संयुक्त परिवहन आयुक्त राजीव कुमार मेहरा और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति का स्वागत किया।
जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने अपने संबोधन में कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) का उपयोग कर सड़क दुर्घटनाओं का वैज्ञानिक विश्लेषण किया जा सकता है, जिससे दुर्घटनाओं की प्रभावी रोकथाम और नियंत्रण संभव होगा। उन्होंने कहा कि यह प्रशिक्षण कार्यक्रम सड़क सुरक्षा की दिशा में अत्यंत महत्वपूर्ण पहल है और प्रतिभागियों को अधिक से अधिक जानकारी हासिल कर इसे व्यवहार में लागू करना चाहिए।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति ने कहा कि सभी थाना प्रभारी दुर्घटनाओं के कारणों की बारीकियों को समझें और अपने दैनिक कार्यों में उसका प्रयोग कर दुर्घटनाओं की रोकथाम में प्रभावी भूमिका निभाएं।
संयुक्त परिवहन आयुक्त राजीव कुमार मेहरा ने कहा कि ऊधमसिंहनगर जनपद दुर्घटनाओं की दृष्टि से संवेदनशील क्षेत्र है। इस कार्यशाला का उद्देश्य दुर्घटनाओं के कारणों का वैज्ञानिक अध्ययन कर उन्हें न्यूनतम स्तर तक लाना है।
कार्यक्रम में जेपी रिसर्च इंडिया लिमिटेड के विशेषज्ञ सुमित ढुल ने “साइंटिफिक क्रैश इन्वेस्टिगेशन ऑफ एक्सीडेंट” विषय पर विस्तृत जानकारी दी। वहीं सहायक निदेशक, सड़क सुरक्षा परिवहन विभाग नरेश संगल ने “रोड सेफ्टी एंड ओवरव्यू ऑन रोड एक्सीडेंट इन उत्तराखंड” विषय पर प्रतिभागियों को जानकारी प्रदान की।
प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को दुर्घटना विश्लेषण की आधुनिक तकनीकों, डिजिटल उपकरणों के उपयोग तथा त्वरित रिपोर्टिंग प्रणाली के बारे में प्रशिक्षित किया गया, ताकि दुर्घटनाओं के मूल कारणों की पहचान कर प्रभावी सुधारात्मक कदम उठाए जा सकें। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य राज्य में हो रही सड़क दुर्घटनाओं के कारणों का वैज्ञानिक एवं तथ्यात्मक विश्लेषण कर भविष्य में उनकी पुनरावृत्ति रोकना तथा घायलों व मृतकों की संख्या में कमी लाना है।
कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों को जिलाधिकारी ऊधमसिंहनगर, संयुक्त परिवहन आयुक्त तथा सम्भागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन एवं सड़क सुरक्षा) हल्द्वानी की ओर से प्रमाण पत्र प्रदान किए गए।
इस अवसर पर सम्भागीय परिवहन अधिकारी अरविन्द कुमार पाण्डेय, सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी विपिन कुमार सिंह, सुरेंद्र कुमार, मनोज बागोरिया, मोहित कोठारी, नवीन सिंह, पूजा नयाल, संदीप वर्मा, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी उमा शंकर नेगी सहित लोक निर्माण विभाग, राष्ट्रीय राजमार्ग खंड, भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण, विद्युत विभाग, पुलिस विभाग, स्वास्थ्य विभाग, राजस्व विभाग, वन विभाग, पूर्ति विभाग, शिक्षा विभाग तथा नगर निगम के अधिकारी मौजूद रहे।

