10 दिन में ट्रेनिंग देकर युवाओं को बनाएंगे आत्मनिर्भर ;डॉ. त्रिपाठी

Share Now

10 दिवसीय टूरिस्ट गाइड प्रशिक्षण शुरू,युवाओं को स्वरोजगार और पर्यटन क्षेत्र में रोजगार के अवसर मिलेंगे

रुद्रप्रयाग।(राजतंत्र टाइम्स) भारतीय स्टेट बैंक ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान आरसेटी रुद्रप्रयाग द्वारा उत्तराखंड के युवाओं को पर्यटन के क्षेत्र में दक्ष और आत्मनिर्भर बनाने के लिए एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए युवाओं के लिए 10 दिवसीय यात्रा एवं पर्यटक गाइड प्रशिक्षण कार्यक्रम का विधिवत आगाज किया गया।
प्रशिक्षण का उद्घाटन करते हुए डॉ. त्रिपाठी ने शिक्षा और कौशल के समन्वय पर जोर दिया। कहा, आज के प्रतिस्पर्धात्मक युग में केवल किताबी डिग्री नौकरी की गारंटी नहीं है। आरसेटी द्वारा प्रदान किया जा रहा यह प्रशिक्षण युवाओं के व्यक्तित्व में आत्मविश्वास भरेगा और उन्हें स्थानीय स्तर पर ही रोजगार के बेहतरीन अवसर प्रदान करेगा।
जिला अग्रणी बैंक प्रबंधक अनूप सिंह ने युवाओं को वित्तीय प्रोत्साहन देते हुए कहा कि प्रशिक्षण लेना केवल पहला कदम है। यदि इस सत्र के बाद कोई भी युवा अपना स्वरोजगार या पर्यटन से जुड़ा व्यवसाय शुरू करना चाहता है, तो बैंक उन्हें प्राथमिकता के आधार पर ऋण उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। हम यह सुनिश्चित करेंगे कि फंड की कमी किसी भी प्रतिभाशाली युवा के सपनों के आड़े न आए। विशेषज्ञ के रूप में डॉ. भारती ने पर्यटन की वैश्विक मांग पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की अर्थव्यवस्था का मुख्य आधार पर्यटन है। आज न केवल राज्य बल्कि राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सर्टिफाइड टूर गाइड की भारी मांग है। इस क्षेत्र में करियर की अपार संभावनाएं हैं।
निदेशक आरसेटी अरुण कुमार ने पाठ्यक्रम की रूपरेखा साझा करते हुए बताया कि रुद्रप्रयाग धार्मिक, ऐतिहासिक और साहसिक पर्यटन का केंद्र है। उन्होने युवाओं को स्थानीय स्तर होने वाले स्वरोजगार के बारे में जानकारी दी। कार्यक्रम के संयोजक तथा आरसेटी के प्रशिक्षक वीरेंद्र सिंह बर्त्वाल द्वारा इस 10 दिवसीय प्रशिक्षण उद्यमिता विकास की बारीकियां सिखाई ताकि वे स्वयं का रोजगार प्रारंभ कर सकें। वहीं मास्टर ट्रेनर चन्द्र शेखर जोशी द्वारा युवाओं को यात्रा एवं पर्यटक गाइड का दायरा अहम भूमिका तथा यात्रा गाइड के आवश्वयक योग्यताओं सहित पर्यटन तीर्थाटन, जैसे विषयों की जानकारी के साथ संवाद, आपातकालीन प्रबंधन आदि के बारे में जानकारी दी जा रहीं।
इस अवसर पर प्रवीण कप्रवाण, संदीप पांडेय, संगीता देवी सहित प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे युवा राहुल, मयंक, नवीन, मोहित, मेघा, सानिया, हर्षित, ऋषभ आदि उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *