तेज हवाएं और हल्की बारिश के आसार, तापमान में गिरावट संभव
पंतनगर। (राजतंत्र टाइम्स)उत्तराखंड सहित देश के कई राज्यों में आज से मौसम का मिजाज बदलने जा रहा है। तेज हवाओं और हल्की बारिश के चलते तापमान में गिरावट दर्ज होगी, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है।
मौसम विभाग के अनुसार टर्की, ईरान, अफगानिस्तान और पाकिस्तान से गुजरते हुए सक्रिय हुआ पश्चिमी विक्षोभ भारत में प्रवेश कर चुका है। इसके प्रभाव से जम्मू-कश्मीर, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश और उत्तरी मध्य प्रदेश में मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा। इन क्षेत्रों में करीब एक सप्ताह तक रुक-रुक कर बारिश होने की संभावना जताई गई है।
बिहार और झारखंड में तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज हो सकती है। हालांकि उत्तराखंड के तराई क्षेत्रों में तापमान में अधिक गिरावट की संभावना नहीं है, लेकिन गर्मी से कुछ राहत जरूर मिलेगी।
मौसम विज्ञानियों के मुताबिक आज से 1 मई के बीच पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा से लेकर 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटा तक की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है।
उत्तराखंड के मैदानी इलाकों सहित उत्तर भारत के कई हिस्सों में फिलहाल लू का असर बना हुआ है। भीषण गर्मी के कारण लोगों का घर से निकलना मुश्किल हो गया है, यहां तक कि कूलर की हवा भी राहत नहीं दे पा रही है।
पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से उत्तराखंड में अगले तीन दिनों तक तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश होने की संभावना है। मंगलवार को अधिकतम तापमान 25.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया और आज भी तापमान इसी के आसपास रहने का अनुमान है।,डॉ. अजित सिंह नैन, मौसम विज्ञानी, पंत विश्वविद्यालय

