रुद्रप्रयाग। (राजतंत्र टाइम्स) बुधवार शाम जवाड़ी बाईपास नई सुरंग के समीप एक कार दुर्घटनाग्रस्त होकर लगभग 100 मीटर नीचे नदी में जा गिरी। हादसे की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन, पुलिस एवं आपदा प्रबंधन की टीमों ने तत्काल मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू अभियान चलाया और दोनों घायलों को सुरक्षित बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शाम लगभग 07:47 बजे आपातकालीन सेवा 112 के माध्यम से सूचना मिली कि बलेनो कार संख्या DL 8C LL 5335 अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे नदी में गिर गई है। बताया गया कि वाहन Srinagar से केदारनाथ धाम की ओर जा रहा था, जिसमें दो लोग सवार थे।
सूचना मिलते ही जिलाधिकारी रुद्रप्रयाग विशाल मिश्रा के निर्देशन में जिला प्रशासन सक्रिय हो गया। डी.डी.आर.एफ. एवं एस.डी.आर.एफ. की टीमों को मात्र पांच मिनट के भीतर घटनास्थल के लिए रवाना किया गया।
रेस्क्यू टीमों ने विषम परिस्थितियों में साहसिक अभियान चलाते हुए दोनों गंभीर रूप से घायल व्यक्तियों को वाहन से बाहर निकाला। प्राथमिक उपचार देने के बाद घायलों को 108 एम्बुलेंस एवं आपदा प्रबंधन विभाग के रेस्क्यू वाहन से जिला चिकित्सालय रुद्रप्रयाग भेजा गया।
घटना की सूचना मिलते ही विशाल मिश्रा स्वयं मौके पर पहुंचे और पूरे रेस्क्यू ऑपरेशन की निगरानी करते रहे। इस दौरान नीहारिका तोमर, सोहन सिंह सैनी, धर्मेंद्र सिंह बिष्ट तथा नंदन सिंह रजवार सहित पुलिस एवं आपदा प्रबंधन की टीमें मौके पर मौजूद रहीं।


